Follow Us:

चंडीगढ़ में डाॅक्टर अमरीन काैर से परिणय सूत्र में बंधे मंत्री विक्रमादित्य सिंह, देखें शानदार तस्‍वीरें

मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने डॉ. अमरीन कौर से चंडीगढ़ में विवाह किया
बुशहर राजघराने के वारिस की यह दूसरी शादी, पहली शादी 2020 में टूट गई थी
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित कई नेताओं ने नवदंपति को दी बधाई


हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, जो पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के पुत्र हैं, सोमवार को डॉ. अमरीन कौर के साथ परिणय सूत्र में बंध गए। विवाह समारोह चंडीगढ़ सेक्टर 11 के गुरुद्वारा साहिब में आनंद कारज के रूप में संपन्न हुआ। इस मौके पर दोनों परिवारों के सदस्य मौजूद रहे और नवविवाहित जोड़े को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्‍यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने विक्रमादि‍त्‍य काे बधाई दी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधायक सुधीर शर्मा और पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने उपस्थित होकर नवविवाहित जोड़े को बधाई दी। जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि “मैं मंत्री विक्रमादित्य सिंह को परिणय सूत्र में बंधने पर हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं और मां भीमाकाली से नवदंपति के सुखद दांपत्य जीवन की प्रार्थना करता हूं।”

विक्रमादित्य सिंह, जो कि बुशहर राजघराने के वारिस हैं, की यह दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी 8 मार्च 2019 को राजस्थान की सुदर्शना सिंह से हुई थी, लेकिन 2020 में दोनों का तलाक हो गया। अब उन्होंने चंडीगढ़ निवासी डॉ. अमरीन कौर, जो सरदारनी ओपिंदर कौर और सरदार जोतिंदर सिंह सेखों की पुत्री हैं, से विवाह किया है।

डॉ. अमरीन सेखों के पास अंग्रेजी और मनोविज्ञान में दोहरी मास्टर डिग्री है और उन्होंने पीएचडी भी की है। वे पंजाब यूनिवर्सिटी में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। बताया जाता है कि अमरीन और विक्रमादित्य लंबे समय से एक-दूसरे के दोस्त रहे हैं।

राजनीति की बात करें तो विक्रमादित्य सिंह ने 2013 में राजनीति में कदम रखा और हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बने। वे 2017 में पहली बार शिमला ग्रामीण से विधायक चुने गए और 2022 में दोबारा इसी सीट से विजयी हुए।

वर्तमान में उनके पास लोक निर्माण विभाग और शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी है। वे मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार भी रहे, जहां उनका मुकाबला कंगना रनौत से हुआ था।

शादी समारोह में राजनीतिक जगत से भी कई लोग शामिल हुए।