➤ 13 अक्टूबर को रिज मैदान पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण होगा
➤ प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू कार्यक्रम में शामिल होंगे
➤ पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करने के लिए होगा भव्य आयोजन
शिमला। हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की स्मृति में बनाई गई प्रतिमा की पहली झलक अब जनता को जल्द देखने को मिलेगी। ऐतिहासिक रिज मैदान पर स्थापित यह प्रतिमा 13 अक्टूबर को एक भव्य समारोह में अनावृत की जाएगी। इस मौके पर कांग्रेस हाईकमान के कई बड़े नेता और प्रदेश की राजनीति के दिग्गज शिरकत करेंगे।
इस समारोह में प्रियंका गांधी वाड्रा, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कई अन्य विशिष्ट अतिथि शामिल रहेंगे। वहीं, सोनिया गांधी भी स्वास्थ्य अनुकूल होने पर इस ऐतिहासिक मौके की साक्षी बनेंगी।
वीरभद्र सिंह के सुपुत्र और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रतिमा स्थल का निरीक्षण करते हुए कहा कि उनके पिता को आधुनिक हिमाचल का निर्माता कहा जाता है। उनके कार्यों ने प्रदेश को नई दिशा दी और लोगों के जीवन को बेहतर बनाया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे और इस अवसर पर विपक्ष समेत सभी दलों के नेताओं को निमंत्रण भेजा गया है।
गौरतलब है कि यह अनावरण कार्यक्रम पहले 23 जून को, वीरभद्र सिंह के जन्मदिवस पर आयोजित होना था, लेकिन प्रदेश में आई भीषण आपदा और भारी जनहानि के कारण इसे टाल दिया गया। अब 13 अक्टूबर को इस प्रतिमा का लोकार्पण किया जाएगा, जिससे न केवल कांग्रेस बल्कि पूरे प्रदेश के लोग अपने प्रिय नेता को याद कर सकेंगे।



