Follow Us:

कल सोनिया गांधी करेंगी वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, प्रियंका भी रहेंगी साथ


13 अक्टूबर को शिमला रिज पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण
सोनिया गांधी होंगी मुख्य अतिथि, प्रियंका गांधी और सीएम सुक्खू रहेंगे मंच पर उपस्थित
वीरभद्र सिंह फाउंडेशन ने किया आयोजन, कार्यक्रम में उमड़ेगा जनसैलाब


शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर 13 अक्टूबर को एक भावनात्मक पल देखने को मिलेगा जब प्रदेश के लोकप्रिय नेता पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस विशेष समारोह में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और प्रतिमा का अनावरण करेंगी।

डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, सोनिया गांधी का स्वागत करते हुए।

सोनिया गांधी शिमला पहुंच चुकी हैं, जहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अनाडेल में उनका स्वागत किया। इस कार्यक्रम का आयोजन राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। समारोह सोमवार सुबह 10 बजे रिज मैदान पर शुरू होगा, जिसमें हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग शामिल होंगे।

निमंत्रण पत्र के अनुसार मंच पर प्रियंका गांधी वाड्रा, मुख्यमंत्री सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी उपस्थित रहेंगी। यह आयोजन न केवल कांग्रेस परिवार के लिए बल्कि पूरे प्रदेश के लिए भावनात्मक श्रद्धांजलि का अवसर होगा।

सोनिया गांधी और सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू।

गौरतलब है कि वीरभद्र सिंह का निधन 8 जुलाई 2021 को हुआ था। उनके निधन के बाद से ही शिमला रिज पर उनकी प्रतिमा लगाने की मांग उठ रही थी। अब लगभग चार साल बाद उनकी प्रतिमा स्थापित की जा रही है। इससे पहले यह अनावरण उनकी जयंती 23 जून को होना था, लेकिन सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था।

शिमला रिज पर वीरभद्र सिंह की यह प्रतिमा उनके राजनीतिक और जनसेवा के योगदान की याद दिलाएगी। यह कार्यक्रम कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए एकता और श्रद्धांजलि का प्रतीक बनने जा रहा है।