Follow Us:

शिमला रिज पर 13 अक्तूबर को होगा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, सीएम ने की तैयारियों की समीक्षा

➤ मुख्यमंत्री ने वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण की तैयारियों की समीक्षा की
➤ 13 अक्तूबर को शिमला रिज पर होगा राजकीय आयोजन
➤ सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को दिए पुख्ता निर्देश


मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण समारोह की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि यह एक राजकीय कार्यक्रम होगा, जिसमें कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी एवं सांसद रजनी पाटिल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व अधिकारी शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की सफलता के लिए अधिकारियों को समुचित प्रबंधन और सख्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी की जानी चाहिए, ताकि कार्यक्रम के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, मीडिया प्रबंधन और वीआईपी सुरक्षा की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने यह भी कहा कि यह आयोजन न केवल पूर्व मुख्यमंत्री की स्मृति को श्रद्धांजलि देने का अवसर है, बल्कि यह हिमाचल के राजनीतिक इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय का प्रतीक भी होगा।

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, सचिव जीएडी राजेश शर्मा, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।