➤वार्ड नंबर 10 की सड़क का विस्तार होगा
➤एम्बुलेंस पहुंच में होगी सुविधा
➤डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने किया निरीक्षण
समित, हमीरपुर
वार्ड नंबर 10 के निवासियों के लिए वर्षों पुरानी समस्या का समाधान अब निकट दिखाई दे रहा है। क्षेत्र के संकरे रास्ते को जल्द ही चौड़ा किया जाएगा, जिससे एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं की पहुंच सुगम हो सकेगी। इस महत्वाकांक्षी कार्य की पहल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने की है, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ पूरी कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के उपरांत डॉ. वर्मा ने कहा कि यह मार्ग वर्षों से उपेक्षित रहा है। आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस का समय पर न पहुंच पाना सबसे बड़ी चुनौती थी। लेकिन अब इसे चौड़ा कर जनता को त्वरित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

इस कार्य में उल्लेखनीय यह रहा कि स्थानीय निवासियों ने सामूहिक हित को प्राथमिकता देते हुए अपनी निजी भूमि का हिस्सा देने का साहसिक निर्णय लिया। इस पर डॉ. वर्मा ने सभी नागरिकों को धन्यवाद देते हुए कहा, “यह सहयोग समाज की एकजुटता का उदाहरण है। जब जनता साथ खड़ी हो, तब कोई कार्य कठिन नहीं होता।”
निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अभियंता, संबंधित विभागों के अधिकारी व स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि सड़क विस्तार से जल निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ होगी, ट्रैफिक प्रबंधन बेहतर होगा और स्थानीय घरों को कोई क्षति नहीं पहुंचेगी।
भूमि सीमांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। निर्माण के दौरान गुणवत्ता व निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके सक्रिय प्रयासों से ही इस महत्वपूर्ण समस्या का समाधान संभव हो पाया। उन्होंने आशा जताई कि डॉ. वर्मा भविष्य में भी ऐसे विकास कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते रहेंगे।



