Follow Us:

बारिश से अभी नहीं मिलेगी राहत, 5 दिन खूब बरसेंगे मेघ

पी. चंद, शिमला |

हिमाचल प्रदेश के लोगों को इस हफ्ते मुसलाधार बारिश से राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग ने साफ तौर पर चेतावनी जारी की है कि हिमाचल में अगले 5 दिन तक जोरदार बारिश हो सकती है। राज्य के निचले व मैदानी इलाकों के अधिकांश जगहों पर बारिश बताई गई है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी हवाओं के कारण 12 अगस्त तक राज्य में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।

हिमाचल में बारिश से 250 से ज्यादा सड़कें बंद

प्रदेश में पिछले एक हफ्ते से हो मूसलाधार बारिश से करीब 250 से ज्यादा सड़क संपर्क मार्ग बंद हैं। प्रशासन सड़कों से मलबा हटाने में जुटा है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार तक राज्य में 280 संपर्क मार्ग अवरुद्ध रहे। सबसे अधिक 99 सड़कें कांगड़ा मंडल में बंद रहीं। मंडी मंडल में 81, शिमला मंडल में 68 और हमीरपुर मंडल में 31 सड़कों पर आवागमन ठप है। शिमला जिले के रामपुर मंडल में रोहड़ू-तकलेच और निरमंड में बागीपुल-जौन संपर्क मार्ग बीते आठ दिनों से बंद पड़ा है। अधिकारियों के मुताबिक सड़कों की बहाली कार्य में 346 जेसीबी, डोजर और टिप्पर तैनात किए गए हैं।

सबसे अधिक नुकसान कांगड़ा जिले में हुआ

भारी बारिश से प्रदेश में अब तक 32,327.45 लाख का नुकसान हो चुका है। सबसे अधिक नुकसान कांगड़ा जिले में आंका गया है। जहां 9825 लाख का नुकसान पहुंचा है। मंडी में 9208 लाख, शिमला में 7321 और हमीरपुर जिले में 5230 लाख की चल व अचल संपति का नुकसान आंका गया है।

शिमला शहर के कई जगह सड़कों पर लग रहा लंबा

राजधानी शिमला में मंगलवार सुबह घंटों हुई बारिश से जनजीवन थम गया। शहर के विभिन्न सड़कों पर लंबा जाम लगने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। विकासनगर इलाके में पेड़ गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हुई। कच्चीघाटी में कालका-शिमला नेशनल हाईवे और शोघी-तारादेवी संपर्क मार्ग पर मलबा गिरने से आवाजाही कुछ समय तक प्रभावित रही।