Follow Us:

हिमाचल में अब नहीं सताएगी गर्मी! 15 जून के बाद भारी बारिश का अनुमान

हिमाचल प्रदेश में मौसम करवट बदलने वाला है। जल्‍द ही बारिश का मौसम आने वाला है। प्रदेश में आज भी कुछ स्‍थानों पर बारिश की संभावना है।

डेस्क |

हिमाचल प्रदेश में मौसम करवट बदलने वाला है। जल्‍द ही बारिश का मौसम आने वाला है। प्रदेश में आज भी कुछ स्‍थानों पर बारिश की संभावना है। प्रदेश में 15 जून के बाद अधिक वर्षा की संभावना है। बताया जा रहा है बीस जून के बाद प्रदेश में मानसून की झमाझम बारिश शुरू हो जाएगी। बारिश के बावजूद मौसम विभाग ने सोमवार को कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, सोलन व सिरमौर में लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के ऊंचाई व मध्‍यम ऊंचाई वाले क्षेत्र में बारिश की भी संभावना है।

रविवार को हुई वर्षा से गर्मी से राहत मिली है, लेकिन आंधी चलने से फसलों व मकानों को नुकसान हुआ। शनिवार रात से जारी आंधी ने कई स्थानों पर तबाही मचाई है। प्रदेश में छह मकान क्षतिग्रस्त हुए। शिमला सहित अन्य क्षेत्रों में सेब पौधों से झड़ गए। शिमला में चार, सिरमौर व चंबा में एक-एक मकान को नुकसान हुआ है। शिमला के ऊपरी क्षेत्रों ठियोग, चौपाल, कोटखाई, सिरमौर के रोनहाट और अन्य क्षेत्रों में सेब को नुकसान हुआ है। सोलन में भी फसलों को नुकसान पहुंचने की सूचना है।

प्रदेश में 24 घंटे के दौरान सोलन में 19.2, हमीरपुर में 8.5, कुल्लू व भुंतर में 8.3, सुंदरनगर में 6.3, बिलासपुर के बरठीं में चार, कांगड़ा में करीब एक मिलीमीटर वर्षा हुई। बारिश के बाद अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट चंबा सात डिग्री तक आई है। कुल्लू के भंतर में 4.6 डिग्री तापमान गिरा। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिरमौर के धौलाकुआं में 40 डिग्री तापमान रहा।