Follow Us:

बारिश- बर्फबारी के 3 दिन बाद साफ हुआ मौसम, टूरिस्ट स्थलों में सैलानियों की आवाजाही बढ़ी

समाचार फर्स्ट डेस्क |

शुक्रवार को प्रदेश में 3 दिन तक बारिश और बर्फबारी के बाद अब मौसम साफ हो गया है। प्रदेश के तमाम जिलों में शुक्रवार को धूप खिली है। पारा गिरने से प्रदेश में शीतलहर बढ़ गई है। समूचा प्रदेश ठंड से कांप उठा है।

इससे पहले, गुरुवार को शिमला की सबसे ऊंची चोटी जाखू और कुफरी समेत में कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। मनाली के रोहतांग में 4 फीट और सोलंगनाला में 1 फुट तक बर्फबारी दर्ज की गई है। कुल्लू जिले के जलोड़ी पास में 35 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज हुई है।

जानकारी के अनुसार, बर्फबारी के चलते गुरुवार को चंबा, शिमला, कुल्लू और सिरमौर में कई रूटों समेत 38 सड़कें पर आवाजाही बंद हो गई थीं, जिनकी शुक्रवार को बहाल होने की उम्मीद है। साथ ही कुल्लू के औट- लुहरी- सैंज एनएच 305 अब तक बहाल नहीं हो पाया है।

गौरतलब है कि शिमला, मनाली और दूसरे टूरिस्ट स्थलों में सैलानियों की आवाजाही बढ़ने लगी है। कुफरी में बर्फबारी का पर्यटकों ने जमकर आनंद लिया है। कुफरी में पारा माइनस में चल रहा है। बर्फबारी से स्थानीय कारोबारियों और होटल कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं।

साथ ही मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, शुक्रवार से 17 जनवरी तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।