Insurance fraud arrest Delhi: मंडी निवासी एक शिकायतकर्ता से इंश्योरेंस पॉलिसी की मेच्योरिटी राशि दिलाने के नाम पर 10.76 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस साइबर ठगी को अंजाम देने वाली मुख्य आरोपी महिला टीना यादव को हिमाचल प्रदेश के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मध्य खंड मंडी की टीम ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान शाहदरा दिल्ली निवासी टीना यादव, पत्नी दीपक, के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता ने 23 जनवरी 2024 को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मंडी में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों ने पंजाब नेशनल बैंक के खाते में 106 ट्रांजेक्शन के माध्यम से 7.40 लाख रुपये जमा करवाए थे। मामले में पुलिस ने पहले ही जून 2024 में आरोपी शंशाक रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद पुलिस महिला आरोपी टीना यादव की तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, टीना यादव बार-बार अपना ठिकाना बदल रही थी। इसके चलते निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी सर्विलांस और सोर्स रिपोर्ट की मदद से दिल्ली में उसकी लोकेशन का पता लगाया। टीना यादव को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की पुष्टि साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मंडी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन सिंह ने की है।