लडभड़ोल के खुड्डी में बोलेरो दुर्घटना, गहरी खाई में गिरी गाड़ी
हादसे में एक महिला की मौत, तीन युवतियां घायल
पुलिस ने दर्ज किए बयान, मामले की जांच जारी
शिमला/मंडी, पराक्रम चंद, विपलव सकलानी
जोगिंदरनगर उपमंडल के अंतर्गत लडभड़ोल क्षेत्र की ग्राम पंचायत खुड्डी से एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई जबकि तीन युवतियां घायल हो गई हैं। शनिवार दोपहर हुआ यह हादसा क्षेत्र में सन्नाटा और शोक की लहर छोड़ गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुड्डी गांव की तनु (28), पत्नी विवेक, बोलेरो गाड़ी चला रही थीं। उनके साथ गाड़ी में मुस्कान (18), पुत्री सरवन खुड्डी, काजल (19), कोलंग, और मीना देवी (36), पत्नी सरवन खुड्डी भी सवार थीं। बताया जा रहा है कि जैसे ही गाड़ी को एक मोड़ पर मोड़ा जा रहा था, वह अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।

हादसे के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस को मौके पर बुलाया गया और चारों घायलों को नागरिक अस्पताल लडभड़ोल पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. निखिल शर्मा ने प्राथमिक उपचार दिया और तीन गंभीर घायलों – तनु, मीना और मुस्कान – को बैजनाथ रेफर किया गया। अफसोस की बात यह रही कि मीना देवी ने सिविल अस्पताल बैजनाथ में दम तोड़ दिया।
पुलिस चौकी लडभड़ोल के प्रभारी रमेश कुमार ने अस्पताल में पहुंचकर घायल काजल के बयान कलमबंद किए हैं। उन्होंने बताया कि महिला की मृत्यु की सूचना प्राप्त हो गई है और मामले की जांच गहराई से शुरू कर दी गई है।
यह हादसा स्थानीय सड़क सुरक्षा और ड्राइविंग प्रशिक्षण की स्थिति पर भी सवाल खड़े करता है। साथ ही, क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा दीवार और संकेतक लगाने की मांग उठाई है।



