➤सोलन में नेपाली किरायेदार पर महिला की हत्या का आरोप
➤हत्या के बाद आरोपी ने पिया कीटनाशक, अस्पताल में भर्ती
➤एफएसएल टीम मौके पर, हर पहलु पर जांच जारी
हिमानी ठाकुर, सोलन
Solan Nepali Tenant Kills Landlady : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक नेपाली मूल के युवक पर अपने मकान मालकिन की हत्या का आरोप है। यह सनसनीखेज वारदात 22 जून 2025 की रात को सामने आई, जब सलोगड़ा निवासी देवेंद्र कुमार ने पुलिस थाना सदर सोलन में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसकी 56 वर्षीय माता संतोष देवी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में प्रेम नामक नेपाली किरायेदार के कमरे में पाई गई हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह रात को घर लौटा तो उसकी मां घर में नहीं मिली। तलाश के दौरान प्रेम नेपाली के कमरे में जाने पर शक हुआ और दरवाजा अंदर से बंद पाया गया। कई बार आवाज देने के बावजूद जब प्रेम ने दरवाजा नहीं खोला, तो देवेंद्र ने दरवाजा तोड़ा। अंदर जाने पर देखा कि संतोष देवी खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थीं और प्रेम कमरे में ही अचेत अवस्था में मिला।
प्रथम दृष्टया में यह पाया गया है कि प्रेम पुत्र तेज कुमार निवासी डेलग, जिला नेपाल, जो करीब एक साल से देवेंद्र के घर में किराए पर रह रहा था, उसने इस हत्याकांड को अंजाम नशे की हालत में दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी दिन से ही शराब के नशे में था और जब उसने महिला को अकेला पाया तो उसने यह क्रूरतम वारदात अंजाम दी। इसके बाद उसने खुद भी कीटनाशक पी लिया, जिससे वह बेहोश हो गया।

पुलिस थाना सदर सोलन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया। इसके अलावा एसएफएसएल जुन्गा की टीम को मौके पर बुलाया गया जिन्होंने घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच शुरू की। आरोपी को गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले जाया गया, जहां से उसे आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हत्या के सभी पहलुओं की गहनता से जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यह घटना न केवल स्थानीय स्तर पर सनसनी का कारण बनी है, बल्कि किरायेदार की निगरानी और पुलिस सत्यापन जैसे मामलों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है।



