Follow Us:

मुख्यमंत्री जयराम के गृहक्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर से मारपीट

समाचार फर्स्ट डेस्क |

कोलकाता में डॉक्टरों से मारपीट का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब प्रदेश के मुख्यमंत्री के गृहक्षेत्र सराज में भी महिला डाक्टर से मारपीट का मामला सामने आया है।

पीएचसी थाची में शनिवार शाम ड्यूटी के दौरान महिला एमबीबीएस डॉक्टर के साथ नशे में धुत एक युवक ने गालीगलौज और मारपीट की। हंगामे के बीच महिला डॉक्टर बेहोश हो गई। वारदात के बाद से अब महिला डॉक्टर सदमे में है और सेवाएं देने की स्थिति में नहीं है।

पुलिस ने महिला डॉक्टर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ ओट थाने में केस दर्ज किया है। उधर, जिला एवं प्रदेश मेडिकल एसोसिएशन ने चौबीस घंटे में कार्रवाई न होने की सूरत में आंदोलन की चेतावनी दी है।

लिस के अनुसार पीएचसी थाची में शनिवार शाम महिला चिकित्सक ड्यूटी पर थी। इसी दौरान आरोपी युवक नशे में धुत होकर पीएचसी थाची जा पहुंचा। उसने महिला डॉक्टर से अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया।

जब चिकित्सक ने विरोध किया तो युवक डॉक्टर से मारपीट करने लगा। इस सबके बीच डॉक्टर बेहोश हो गई। डॉक्टर को बेहोश देख नशेड़ी युवक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

बीएमओ जंजैहली डॉ. दुनी चंद ने बताया कि वह मामले की जांच कर रहे हैं। थाची में जांच के बाद रिपोर्ट आला अधिकारियों को सौंपेंगे। एसपी गुरदेव चंद शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने पर केस दर्ज किया है। आरोपी जल्द सलाखों के पीछे होगा।

स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि अगर डॉक्टर के साथ इस तरह का व्यवहार किया गया है तो आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा, कार्रवाई होगी। सरकार मामले की पूरी जांच करेगी।