Follow Us:

फैशन डिजाइनरों ने सिखाई आधुनिक डिजाइनिंग, महिलाओं ने पाई नई पहचान

➤ नगर निगम शिमला ने महिलाओं को दी आत्मनिर्भरता की नई राह
➤ महापौर सुरेंद्र चौहान ने वितरित कीं 20 क्रोशिया मशीनें
➤ 120 महिलाओं ने 50 दिन के प्रशिक्षण में सीखी आधुनिक डिजाइनिंग


विस्तृत समाचार

शिमला। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में नगर निगम शिमला ने सराहनीय पहल की है। नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने बुधवार को “एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन” योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी महिलाओं को क्रोशिया कार्य हेतु 20 मशीनें वितरित कीं। यह कार्यक्रम वस्त्र मंत्रालय और हिमाचल हैंडीक्राफ्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि महिलाओं के उत्थान और आत्मनिर्भरता के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। इस प्रशिक्षण में 120 महिलाओं ने हिस्सा लिया, जो 50 दिनों तक चला। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को क्रोशिया और स्टिचिंग कार्य में दक्षता प्रदान की गई। बॉम्बे से आए फैशन डिजाइनरों ने प्रतिभागियों को आधुनिक डिजाइनिंग और बाजार की मांग के अनुरूप कौशल सिखाया।

महापौर ने बताया कि उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का निरीक्षण किया है, जो आकर्षक और उच्च गुणवत्ता वाले हैं। उन्होंने फैशन डिजाइनरों से आग्रह किया कि इन महिलाओं को मार्केट ऑर्डर दिलाने में मदद करें ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपनी आजीविका कमा सकें। साथ ही उन्होंने बताया कि नगर निगम हर माह स्वयं सहायता समूहों के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता है।

प्रशिक्षण में शामिल महिलाओं ने कहा कि यह अवसर उनके लिए जीवन बदलने वाला साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ा, बल्कि उन्हें अपने हुनर को पहचानने और बाजार में उतारने का अवसर मिला है। अब वे अपने उत्पादों को बेचकर अतिरिक्त आय अर्जित करने में सक्षम होंगी।

यह पहल न केवल महिलाओं के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम है, बल्कि उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का माध्यम भी बन रही है।