Follow Us:

महिला दिवस पर महिला पुलिस ने दिखाए बाइक स्टंट, रिज पर भव्य कार्यक्रम हुआ

पी. चंद |

महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है और आज के दिन महिलाओं के सम्मान में देश भर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हिमाचल पुलिस ने भी पहली बार शिमला के रिज मैदान में महिलाओं के सम्मान में विशेष कार्यक्रम women in hp police कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें महिलाओं ने परेड, बाइक स्टंट और कराटे जैसे करतब दिखाए। इस मौके पर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रे मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। देर शाम शिमला के गेयटी में प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा जिसमें मुख्यमंत्री शिरकत करेंगे।

इस दौरान पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने कहा कि आज  महिलाएं पुलिस में 2300 से ज्यादा हैं और कंधे से कंधा मिलाकर अपनी सेवाएं दे रही हैं। महिलाओं की इन सेवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए शिमला के रिज मैदान पर कार्यक्रम किया जा रहा है। महिला पुलिस अधिकारी बॉर्डर पर भी अपनी सेवाएं दे रही हैं। गलवान घाटी में चीन के साथ चल रहे विवाद के दौरान दो महिला आईपीएस अधिकारियों ने अपनी सेवाएं दी। महिलाएं अन्य क्षेत्रों में भी जटिल परिस्थितियों के बावजूद बहादुरी से काम कर रही हैं। इसके लिए ही महिलाओं के सम्मान में इस तरह के कायक्रम आयोजित करने का कार्यक्रम बनाया गया है।

वहीं, राज्यपाल बंडारू दत्तात्रे ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे हैं। केंद्र की मोदी सरकार बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं को शुरू किया है। पहली बार महिलाओं को सम्मान के लिए देश मे पुलिस विभाग ने इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया है। महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे हैं। महिला सशक्तिकरण के लिए आज विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही है। जिससे आगे बढ़ने के समान अवसर मिल रहे हैं। इस दौरान बेहतरीन सेवाएं देनी वाली सेवानिवृत्त और सेवारत महिला पुलिस को समान्नित भी किया गया।