➤ साल 2026 में ग्रह-नक्षत्रों की चाल से सभी राशियों पर पड़ेगा असर
➤ गुरु के दो बड़े गोचर, शनि पूरे साल मीन राशि में रहेंगे
➤ करियर, धन, स्वास्थ्य और रिश्तों के लिहाज से अहम रहेगा नया साल
शिमला। आज साल 2025 का आखिरी दिन है और 1 जनवरी से नया साल 2026 शुरू हो जाएगा। बीता वर्ष जहां कई लोगों के लिए यादगार रहा, वहीं कई इच्छाएं अधूरी भी रह गईं। ऐसे में नए साल को लेकर हर किसी के मन में यह सवाल है कि 2026 करियर, कारोबार, धन, स्वास्थ्य और रिश्तों के लिहाज से कैसा रहेगा।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार साल 2026 की शुरुआत कन्या लग्न और कृतिका नक्षत्र के साथ होगी। इस वर्ष गुरु अतिचारी रहेंगे और उनके दो महत्वपूर्ण गोचर होंगे। पहला गोचर जून 2026 में गुरु का मिथुन से निकलकर कर्क राशि में प्रवेश होगा, जबकि दूसरा गोचर अक्टूबर 2026 में कर्क से सिंह राशि में होगा।
न्यायप्रिय और कर्मफलदाता ग्रह शनि का साल 2026 में कोई गोचर नहीं होगा और वे पूरे वर्ष मीन राशि में ही विराजमान रहेंगे। वहीं राहु पूरे साल कुंभ राशि में स्थित रहेंगे। ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार साल 2026 में तीन बार गुरु-पुष्य योग का शुभ संयोग भी बनेगा।
इसके अलावा अप्रैल 2026 में शनि, सूर्य, मंगल, बुध और शुक्र की युति बनेगी, जबकि अगस्त 2026 में गुरु, सूर्य और बुध की विशेष स्थिति रहेगी। इन ग्रह योगों का प्रभाव सभी 12 राशियों के जातकों के जीवन पर अलग-अलग रूप में दिखाई देगा।
मेष राशि:
साल 2026 मेष राशि वालों के लिए लाभ और उन्नति का संकेत दे रहा है। जनवरी माह से ही करियर और कारोबार में नए अवसर मिल सकते हैं। हालांकि किसी भी बड़े निर्णय में जल्दबाजी से बचना जरूरी रहेगा। वर्ष के मध्य में आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और मेहनत का पूरा फल मिलेगा। पारिवारिक जीवन सामान्य रहेगा, लेकिन वाणी पर संयम जरूरी होगा।
वृषभ राशि:
वृषभ राशि के जातकों के लिए साल की शुरुआत थोड़ी चुनौतीपूर्ण रह सकती है। कुछ कार्य बनते-बनते अटक सकते हैं और रिश्तों में मतभेद उभर सकते हैं। लेकिन वर्ष के दूसरे हिस्से में परिस्थितियां तेजी से आपके पक्ष में आएंगी। धन संबंधी मामलों में स्थिरता आएगी और रुके कार्य पूरे होंगे।
मिथुन राशि:
मिथुन राशि वालों के लिए 2026 सकारात्मक बदलावों का वर्ष रहेगा। करियर में तरक्की के योग बनेंगे और समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। लंबी दूरी की यात्राओं के अवसर मिल सकते हैं, जो लाभदायक रहेंगे। शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े लोगों को अच्छे परिणाम मिल सकते हैं।
कर्क राशि:
कर्क राशि के जातकों के लिए यह साल मिला-जुला परिणाम देने वाला रहेगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्यों में देरी हो सकती है, जिससे मानसिक तनाव बढ़ेगा। ऐसे में धैर्य और संयम से काम लेना जरूरी होगा। पारिवारिक मामलों में किसी के बहकावे में आने से बचें। साल के अंत तक हालात बेहतर होंगे।
सिंह राशि:
सिंह राशि वालों के लिए 2026 आर्थिक सुधार और पारिवारिक सुख लेकर आएगा। लंबे समय से चली आ रही परेशानियां धीरे-धीरे खत्म होंगी। करियर में स्थिरता आएगी और आय के नए स्रोत बन सकते हैं। परिवार में खुशी का माहौल रहेगा, लेकिन अहंकार से दूर रहना जरूरी होगा।
कन्या राशि:
कन्या राशि के जातकों के लिए यह वर्ष योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने का है। शुरुआत में कुछ अड़चनें आ सकती हैं, लेकिन समझदारी से काम लेने पर सफलता निश्चित है। नौकरी और व्यापार में लाभ के योग बनेंगे। स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न करें।
तुला राशि:
तुला राशि वालों के लिए 2026 में मानसिक दबाव बढ़ सकता है। कुछ समय के लिए सुख-सुविधाओं में कमी महसूस होगी। हालांकि, वर्ष के उत्तरार्ध में किए गए परिश्रम का पूरा फल मिलेगा। आर्थिक मामलों में सावधानी जरूरी है, खासकर भूमि और संपत्ति से जुड़े मामलों में।
वृश्चिक राशि:
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह साल साहस और पराक्रम बढ़ाने वाला रहेगा। आप निर्णय लेने में सक्षम रहेंगे और कठिन परिस्थितियों से बाहर निकल पाएंगे। निवेश से लाभ मिलने के योग हैं, लेकिन क्रोध और जल्दबाजी से बचना जरूरी होगा।
धनु राशि:
धनु राशि वालों के लिए 2026 सुख और उन्नति का संकेत देता है। करियर और आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी। हालांकि दांपत्य जीवन में मतभेद उभर सकते हैं, इसलिए संवाद बनाए रखना जरूरी होगा। मित्रों और सहयोगियों से सहयोग मिलेगा।
मकर राशि:
मकर राशि के जातकों के लिए यह साल संघर्ष के बाद सफलता देने वाला रहेगा। शुरुआत में मेहनत अधिक करनी पड़ेगी, लेकिन साल के अंत तक अच्छे परिणाम मिलेंगे। स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें और किसी पर जरूरत से ज्यादा भरोसा न करें।
कुंभ राशि:
कुंभ राशि वालों के लिए 2026 मिला-जुला रहेगा। कुछ समय तक रुकावटें आएंगी, लेकिन महीने के अंत में रुके हुए कार्य पूरे होंगे। विद्यार्थियों के लिए यह साल अनुकूल रहेगा। कार्यक्षेत्र में फोकस बनाए रखना जरूरी होगा।
मीन राशि:
मीन राशि के जातकों के लिए यह वर्ष खर्च और लाभ दोनों लेकर आएगा। आय के साथ-साथ खर्च भी बढ़ सकते हैं। धैर्य के साथ किए गए कार्य सफल होंगे। विवादों से दूर रहें और लंबी यात्राओं में सावधानी बरतें। वर्ष के अंत में आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।



