Follow Us:

देश की 4 महिला पायलटों ने भरी सबसे लंबी उड़ान, उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी ने दी बधाई

समाचार फर्स्ट डेस्क |

देश की महिलाएं पुरूषों से कम नहीं हैं और दुनियाभर में भारतीय महिला अपने देश का गौरव लगातार बढ़ा रही है। आज भारतीय महिला पायलटों ने अपना दम दिखाते हुए दुनिया को बता दिया है वो किसी कम नहीं है। इसी कड़ी में एयर इंडिया की 4 महिला पायलट ने इतिहास रचा दिया है। दरअसल सोमवार को चार महिला पायलटों ने दुनिया के सबसे लंबे हवाई मार्ग नॉर्थ पोल पर उड़ान भरकर पूरे विश्व को अपनी ताकत दिखा दी है। इस सफर के दौरान करीब 16 हजार किलोमीटर की दूरी तय की गई। उधर, सिविल एविएशन मिनिस्टर हरदीप पुरी ने भी एयर इंडिया की 4 महिला पायलट के इतिहास रचने पर बधाई दी है।

उड़ान का नेतृत्व करने वाली कैप्टन जोया अग्रवाल ने कहा कि आज हमने न केवल उत्तरी ध्रुव (नॉर्थ पोल) पर उड़ान भरकर इतिहास नहीं बनाया है, बल्कि सभी महिला पायलटों ने इसे सफलतापूर्वक अंजाम भी दिया। हम इसका हिस्सा बनकर बेहद खुश और गर्व महसूस कर रहे हैं। इस मार्ग ने 10 टन ईंधन बचाया है। वहीं, शिवानी मन्हास ने कहा कि यह एक रोमांचक अनुभव था क्योंकि यह पहले कभी हासिल नहीं हुआ था। यहां पहुंचने में लगभग 17 घंटे लग गए।

अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को शहर से उड़ान भरने के बाद यह टीम नॉर्थ पोल से होते हुए बेंगलूरु पहुंची। केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते ही इन महिला पायलटों को जोरदार स्वागत भी किया गया। वहीं एयर इंडिया ने ट्वीट कर महिला पायलटों की टीम का जोरदार स्वागत किया। ट्वीट पर लिखा कि वेलकम होम, हमें आप सभी (महिला पायलटों) पर गर्व है। हम AI176 के पैसेंजर्स को भी बधाई देते हैं, जो इस ऐतिहासिक सफर का हिस्सा बने।