Follow Us:

आगराः यमुना एक्सप्रेस वे पर कंटेनर से टकराई कार, 5 लोगों की दर्दनाक मौत

समाचार फर्स्ट डेस्क |

यमुना एक्सप्रेस वे पर आज सुबह आगरा से नोएडा की ओर जा रही कार एक कंटेनर के डीजल टैंक से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसमें सवार  पांच लोग जिंदा जल गए।

जानकारी के अनुसार कंटेनर चालक ने कंटेनर को अचानक मोड़ दिया। कार तेज रफ्तार में थी। वह अनियंत्रित होकर कंटेनर के डीजल टैंक से जा टकराई। इसके बाद कार में भीषण आग लग गई। कार सेंट्रल लॉक हो जाने के कारण गेट नहीं खुल सके।

यमुना एक्सप्रेस के बूथ के कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक चालक कंटेनर छोड़कर भाग चुका था। सूचना पर पहुंची दमकल ने कार की आग बुझाई। पुलिस का कहना है कि जिंदा जलने वालों में एक बच्चा, एक महिला और तीन पुरुष लग रहे हैं।