-
पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जवाबी कार्रवाई में डाक और पार्सल सेवाएं बंद की गईं
-
पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि स्थगित और अटारी चेक पोस्ट सील किया गया
-
पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में चेताया, कहा- देश को आतंक से नहीं झुकने देंगे
Pahalgam Terror Attack : दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ एक के बाद एक सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। अब पाकिस्तान को भेजी जाने वाली डाक और पार्सल सेवाओं को भी तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। यह कदम उस निर्णायक रणनीति का हिस्सा है, जिसके जरिए भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान को अलग-थलग करना चाहता है।
इस आतंकी हमले में कुल 26 निर्दोष लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई थी, जिनमें से अधिकांश घूमने आए पर्यटक थे। इस जघन्य वारदात की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तइबा से जुड़े आतंकी संगठन ‘द रेसिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने ली थी। यह हमला पुलवामा 2019 के बाद सबसे भीषण आतंकी हमला माना जा रहा है, जब सीआरपीएफ के 47 जवान शहीद हुए थे।
पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की बैठक में कठोर निर्णय लिए। इसमें 1960 की सिंधु जल संधि को स्थगित किया गया, एकीकृत चेक पोस्ट अटारी बंद किया गया और पाक नागरिकों की यात्रा पर रोक लगाते हुए 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सार्क वीजा छूट योजना के तहत पाक नागरिकों को भारत आने की अनुमति भी रद्द कर दी गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में पहलगाम हमले पर दुख जताया और कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा, “देशवासियों का खून उबाल खा रहा है। आतंक के इस नृशंस चेहरे को दुनिया ने देखा है। हम इस चुनौती का सामना मजबूत इच्छाशक्ति और एकजुटता से करेंगे।” प्रधानमंत्री ने साफ कहा कि “हम पीड़ितों को न्याय दिलाकर रहेंगे। दोषियों को कठोरतम सजा मिलेगी।”
विश्व समुदाय से भी इस हमले की व्यापक निंदा की जा रही है। कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने भारत के साथ एकजुटता दिखाई है और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में साथ खड़े होने का आश्वासन दिया है।



