Follow Us:

बंगाल में भाजपा का दोहरा शतक! तमिलनाडु में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी

चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में मतगणना जारी, रुझानों में बड़े उलटफेर
पश्चिम बंगाल में भाजपा बहुमत के करीब, ऐतिहासिक जीत के संकेत
तमिलनाडु में TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, असम में कांग्रेस को झटका



देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना सोमवार को जारी है और शुरुआती रुझानों ने देश की राजनीति में बड़ा संदेश देना शुरू कर दिया है। सबसे ज्यादा चर्चा पश्चिम बंगाल की हो रही है, जहां भारतीय जनता पार्टी बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंचती नजर आ रही है। चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार भाजपा करीब 192 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जिससे राज्य में ऐतिहासिक सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं।

बंगाल में इस बढ़त के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने इसे केवल राज्य की नहीं बल्कि पूरे देश की जीत बताया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह जीत वर्षों के संघर्ष और नेतृत्व का परिणाम है। वहीं भाजपा उम्मीदवारों ने इसे आंतरिक सुरक्षा और जनसांख्यिकी से जुड़ा बड़ा चुनाव करार दिया है।

दूसरी ओर तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है, जहां TVK (तमिलगा वेत्री कषगम) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। 234 सीटों वाली विधानसभा में TVK 100 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जिससे राज्य में नई राजनीतिक दिशा की संभावना मजबूत हुई है। पार्टी प्रमुख विजय को लेकर समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है और इसे राज्य में बदलाव की लहर माना जा रहा है।

असम में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई जोरहाट सीट से हार गए हैं। उन्हें भाजपा उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने 23 हजार से ज्यादा वोटों से हराया। यह हार कांग्रेस के लिए बड़ा राजनीतिक संकेत मानी जा रही है।

वहीं पुडुचेरी में मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी ने शानदार जीत दर्ज कर एक बार फिर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत कर ली है। उन्होंने थट्टांचावडी सीट पर अपने प्रतिद्वंद्वी को 4441 वोटों के अंतर से हराया

केरल में रुझान यूडीएफ गठबंधन के पक्ष में जाते दिखाई दे रहे हैं, जिससे वहां सत्ता परिवर्तन की संभावना जताई जा रही है। इस बीच पश्चिम बंगाल में भाजपा की बढ़त के बाद कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है, जहां पार्टी कार्यालयों में रसगुल्ले और झालमुड़ी बांटकर खुशी मनाई जा रही है

कुल मिलाकर इन चुनाव नतीजों को 2027 लोकसभा और आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिए बेहद अहम संकेत माना जा रहा है। रुझान बताते हैं कि देश की राजनीति में बड़े बदलाव की बयार बह रही है और आने वाले समय में इसका असर राष्ट्रीय स्तर पर भी देखने को मिल सकता है।