➤ भाजपा के सौरभ जोशी बने चंडीगढ़ के नए मेयर, 18 वोटों से जीत दर्ज
➤ आप ने कांग्रेस का साथ नहीं दिया, गठबंधन टूटने से बदला समीकरण
➤ सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद भी भाजपा के खाते में गए
चंडीगढ़ नगर निगम में हुए मेयर चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर बाजी मार ली है। सौरभ जोशी को कुल 18 वोट मिले, जबकि आप के उम्मीदवार योगेश ढींगरा को 11 और कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह गाबी को 7 वोट प्राप्त हुए। मतदान प्रक्रिया इस बार हाथ उठाकर करवाई गई और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई गई।
चुनाव की शुरुआत प्रिजाइडिंग अफसर रमणीक बेदी ने करवाई। सबसे पहले कांग्रेस उम्मीदवार के लिए वोटिंग हुई, लेकिन आप ने कांग्रेस का समर्थन नहीं किया, जिससे साफ हो गया कि चुनाव का परिणाम भाजपा के पक्ष में जाएगा। कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार की वोटिंग के बाद वॉकआउट कर दिया।
अंत में आप उम्मीदवार के लिए मतदान हुआ, जिसमें पार्टी से नाराज चल रहे रामचंद्र यादव ने भी ढींगरा के पक्ष में वोट डाला। हालांकि, यह समर्थन जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं रहा।
इसके बाद हुए सीनियर डिप्टी मेयर चुनाव में भाजपा के जसमनप्रीत सिंह विजयी रहे, जबकि डिप्टी मेयर पद पर भाजपा की सुमन देवी ने जीत दर्ज की। इस तरह तीनों प्रमुख पद भाजपा के खाते में चले गए।
पद संभालने के बाद सौरभ जोशी ने इसे जीत नहीं, बल्कि जिम्मेदारी बताया। उन्होंने अपने संबोधन में परिवार, विशेषकर अपने पिता के संस्कारों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पद जनता की सेवा का माध्यम है। उन्होंने सदन में पक्ष-विपक्ष से ऊपर उठकर शहर के विकास के लिए साथ काम करने की अपील की और आने वाले 300 दिनों में संवेदनशील, ईमानदार और न्यायपूर्ण प्रशासन देने का भरोसा जताया।



