Follow Us:

छत्तीसगढ़: ITBP जवान ने अपने साथियों पर की अंधाधुंध फायरिंग, हिमाचल के जवान सहित 6 की मौत

समाचार फर्स्ट डेस्क |

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के कडेनार स्थित आईटीबीपी कैम्प में एक जवान ने अपने साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में छह जवानों की मौत हो गई जबकि 3 जवान घायल हुए हैं। इस घटना में हिमाचल के बिलासपुर निवासी जवान की भी मौत हुई है। वहीं, फायरिंग करने वाले जवान की भी मौत हो गई। आईटीबीपी के जवानों के बीच किसी बात को लेकर आपस में विवाद हो गया था जिसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। बस्तर आईजी सुंदरराज पी का कहना है कि जांच के बाद ही इसके पीछे की वजह पता लग पाएगी। ये जवान आइटीबीपी की 45 बटालियन के हैं। जवानों के शव और घायल जवानों को अस्पताल भेजा गया है।

आईटीबीपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। आरोपी जवान का नाम मसुदुल रहमान खान बताया जा रहा है जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला था। मृतक जवानों की पहचान हिमाचल प्रदेश बिलासपुर निवासी प्रधान आरक्षक महेंद्र सिंह, पंजाब निवासी प्रधान आरक्षक दलजीत सिंह, पश्चिम बंगाल निवासी आरक्षक सुरजीत सरकार और आरक्षक बिश्वरूप महतो और केरल निवासी आरक्षक बीजीश के रूप में हुई है। जबकि केरल निवासी एस बी उल्लास और राजस्थान निवासी सीताराम दून घायल हुए हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी तक यह जानकारी नहीं मिली है कि रहमान ने खुद को गोली मारी या उसके साथियों ने जवाबी कार्रवाई में उसे मार गिराया। इस घटना में मारे गए जवानों की राइफल की जांच के बाद ही जानकारी मिल सकेगी कि जवानों ने रहमान पर गोली चलाई है या नहीं। इस संबंध में जानकारी ली जा रही है। इससे पहले पुलिस ने आशंका जताई थी कि रहमान जवाबी कार्रवाई में मारा गया है। सुंदरराज ने बताया कि दोनों घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर भेजा जा रहा है।