Follow Us:

उत्तराखंड में चीनी सैनिकों की घुसपैठ, भारतीय सैनिकों ने खदेड़ा

समाचार फर्स्ट डेस्क |

उत्तराखंड के बाराहोती में भारतीय सीमा में चीनी सैनिकों ने घुसपैठ की है। सिक्किम सीमा पर डोकलाम में चीनी सैनिकों के घुसपैठ को लेकर भारत और चीन में जारी तनातनी के बीच उकसाने वाली यह घटना सामने आई है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने चीन की सरकार से इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रिया जताई है।

 भारतीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की चीन यात्रा से एक दिन पहले 25 जुलाई को सुबह नौ बजे चीनी सैनिक 800 मीटर से एक किलोमीटर भीतर तक भारतीय सीमा में घुस आए थे। चीनी सैनिक भारतीय सीमा में दो घंटे तक रहे। वहां तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों के विरोध के बाद चीन के सैनिक वापस लौट गए थे। 

विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, चीनी सेना के 200 से 300 जवानों ने घुसपैठ की थी। इस इलाके को चीनी सेना विवादित बताती है। ITBP के जवान इस इलाके में गश्त लगाते हैं। यहां उन्हें सादे कपड़ों में बगैर हथियार के गश्त लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

ऐसा पहली बार नहीं है, जब चीनी सेना के जवान इस इलाके में घुस आए हों। दोनों देशों की सेना के जवान साल में एक बार मौजूदगी दिखाने के लिए यहां गश्त लगाते हैं। जून में इस इलाके में दो चीनी हेलिकॉप्टर भी देखे गए थे। करीब पांच मिनट बाद यह चीन की तरफ वापस लौट गए थे। भारत ने हेलिकॉप्टरों से गश्त पर आपत्ति जताई थी।