Follow Us:

कोरोना संक्रमित तमिलनाडु के कृषि मंत्री आर दोराइक्कन्नू का निधन

समाचार फर्स्ट डेस्क |

तमिलनाडु के कृषि मंत्री आर दोराइक्कन्नू का शनिवार निधन हो गया। वे कोरोना से संक्रमित थे और चेन्नई के कावेरी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उन्हें गंभीर हालत में 13 अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।  वह 72 वर्ष के थे। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सीटी स्कैन के मुताबिक उनके फेफड़े का 90 प्रतिशत हिस्सा संक्रमित था। उन्हें एक्सट्राकॉरपोरियल मेम्ब्रेन ऑक्सीजिनेशन और वेंटिलेटर पर रखा गया था।

कावेरी अस्पताल की तरफ से जारी रिपोर्ट में कहा कि हमें बेहद दुख के साथ यह सूचित करना पड़ रहा है कि कृषि मंत्री आर दोराईकन्नू का देर रात 11 बजकर 15 मिनट पर निधन हो गया। इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार के साथ हमारी संवेदनाएं हैं।

दोराईकन्नू थंजावुर नार्थ जिले के अन्नाद्रमुक के सचिव थे। वे तमिलनाडु की पापानासम विधानसभा सीट से 2006, 2011 और 2016 के चुनाव में विधायक चुने गए। दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता ने 2011 में उन्हें पहली बार राज्य का कृषि मंत्री नियुक्त किया था।