Follow Us:

भारत में 6 लोगों में पाया गया कोरोना का नया स्ट्रेन, कुछ दिन पहले लौटे थे UK से

समाचार फर्स्ट डेस्क |

भारत में अभी कोरोना वायरस का कहर थमा भी नहीं कि अब कोरोना के नए स्ट्रेन ने  चिंता में डाल दिया है। भारत में भी कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन की पुष्टि हो चुकी है। भारत में 6 लोगों में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन पाय गया है। ये 6 लोग ब्रिटेन की यात्रा से भारत लौटे हैं। वहीं जिन लोगों में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिला है, उन्हें आइसोलेट किया गया है और उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबित इनमें 3 सैंपल की NIMHANS, बेंगलुरु में पुष्टि हुई है। इसके अलावा 2 CCMB, हैदराबाद में मिले हैं और 1 एनआईवी पुणे में मिला है। वहीं जिन लोगों के सैंपल नए स्ट्रेन से पॉजिटिव पाए गए हैं, उन्हें राज्य सरकारों के जरिए निर्देश दिए गए अलग कमरे में आइसोलेट किया गया है। वहीं, दिशानिर्देशों के अनुसार सह-यात्रियों, पारिवारिक लोगों और अन्य लोगों के लिए व्यापक कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग भी शुरू किया गया है। इसके अलावा अन्य सैंपल का जीनोम स्किवेंसिंग किया जा रहा है। दरअसल, 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2020 तक यूके से करीब 33 हजार लोग भारत आए थे। इन सभी लोगों को ट्रैक किया गया और उनका टेस्ट करवाया गया। इसमें से कुल 114 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले थे।

बता दें कि ब्रिटेन में सबसे पहले कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन की पुष्टि हुई थी। इसके बाद अब तक यह कई देशों में फैल चुका है। ब्रिटेन के अलावा कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन के मामले अब भारत, स्पेन, स्वीडन, स्विटजरलैंड, फ्रांस, डेनमार्क, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड्स, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जापान, लेबनान, सिंगापुर और नाइजीरिया में भी सामने आ चुके हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका में भी कोरोना वायरस का एक नया स्ट्रेन मिला है। यह ब्रिटेन के नए स्ट्रेन से अलग है। कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन 70 फीसदी ज्यादा तेजी से फैल रहा है।