-
सिंगापुर और हांगकांग में COVID-19 मामलों में वृद्धि दर्ज
-
भारत में भी हालिया हफ्तों में केस बढ़े, सक्रिय मामले 257
-
विशेषज्ञों ने घबराने की बजाय सतर्कता और स्वास्थ्य निगरानी की सलाह दी
COVID Surge 2025: जनवरी 2020 के बाद से SARS-CoV-2 वायरस ने पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले लिया था और अब मई 2025 में फिर से कुछ देशों में COVID-19 मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। सिंगापुर और हांगकांग जैसे देशों ने पिछले सप्ताह कोरोना संक्रमण में तेजी दर्ज की है, जिसके बाद भारत सहित कई देशों ने सतर्कता बढ़ा दी है।
भारत में भी कोरोना मामलों की संख्या में हल्की बढ़ोतरी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 19 मई 2025 तक भारत में 257 सक्रिय केस हैं, जिनमें से केरल में 95 और महाराष्ट्र में सबसे अधिक केस दर्ज हुए हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान में यह संक्रमण गंभीर रूप नहीं ले रहा है।
इस बीच, नई दिल्ली में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई गई जिसमें ICMR, NCDC, EMR और कई केंद्रीय अस्पतालों के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। बैठक में वैश्विक स्थिति पर नजर बनाए रखने, वैक्सीनेशन कवरेज की समीक्षा, और अस्पतालों में तैयारियों की समीक्षा की गई।
विशेषज्ञों का मानना है कि वर्तमान में कोविड अब एक मौसमी संक्रमण जैसा व्यवहार कर रहा है और घबराने की जरूरत नहीं, लेकिन सतर्कता जरूरी है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



