Follow Us:

JK: जिला विकास परिषद के मतदान जारी, दोपहर तक 33.17% हुआ मतदान

समाचार फर्स्ट डेस्क |

जम्मू कश्मीर में जिला विकास परिषद चुनाव के तीसरे चरण के लिए मतदान जारी है। आज मतदान की गति धीमी रही और ठंड की वजह से अधिकतर लोग सुबह अपने-अपने घरों से बाहर नहीं निकले। अधिकारियों ने बताया कि डीडीसी की 33 सीटों पर चुनाव हो रहा है। इसमें 16 सीटें कश्मीर में और 17 सीटें जम्मू संभाग में हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ है और दोपहर 2 बजे समाप्त होगा। उन्होंने बताया कि दिन बढ़ने पर मतदान प्रतिशत में सुधार होने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर चुनाव आयोग का कहना है कि सुबह 11 बजे तक जम्मू संभाग में डीडीसी के तीसरे चरण के चुनाव में जिला विकास परिषद चुनाव के लिए अभी तक 37.17 फीसदी मतदान हुआ है। कुल 305 उम्मीदवार हैं जिनमें कश्मीर संभाग में 166 जबकि जम्मू संभाग में 139 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 252 पुरुष और 53 महिला उम्मीदवार हैं। पंच और सरपंच की रिक्त सीटों के लिए भी मतदान जारी है।

कुल 126 क्षेत्रों में से 66 क्षेत्रों में मतदान होगा और मुकाबले में कुल 184 उम्मीदवार हैं। इसके अलावा 40 सरपंच निर्विरोध चुन लिए गए हैं। पंच की सीटों के लिए 1738 क्षेत्रों में उपचुनाव हो रहा है। इसमें से 798 पर उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए। कुल 327 क्षेत्रों में चुनाव होगा और मुकाबले में 749 उम्मीदवार हैं।