Follow Us:

टोल वसूली के खिलाफ किसानों का धरना, सहारनपुर- अंबाला, चंडीगढ़ हाईवे 5 घंटे से बंद

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हरियाणा के यमुनानगर में टोल वसूली के विरोध में किसानों ने धरना प्रदर्शन कर NH-334 जाम कर दिया है। यहां मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में किसान धरने पर बैठे हैं। उनका कहना है कि टोल प्रबंधन उनसे एक ट्रिप का 220 रुपये वसूल करता है। जबकि कृषि कार्य और कृषि यंत्रों को टोल में छूट है।

किसानों का कहना है कि वो सभी टोल से 20 किलोमीटर के एरिया में ही रहते हैं। नियमों के मुताबिक उन्हें टोल में रियायत होती है, लेकिन टोल प्रबंधन उन्हें अभी तक मदद नहीं कर रहा है। किसानों का कहना है कि जब तक ठोस फैसला नहीं हो जाता, तब तक वो जाम नहीं खोलेंगे।

जानकारी के अनुसार, जाम लगने से सहारनपुर- अंबाला और चंडीगढ़ हाईवे 5 घंटे से बंद है। टोल के दोनों तरफ कई किलोमीटर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। छोटे वाहन संपर्क मार्गों से निकलने का प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में टोल प्रबंधन का कहना है कि 20 किलोमीटर की परिधि के केवल पर्सनल वाहनों का पास बनाने का प्रावधान है। आस-पास के ग्रामीण अपना पास बनवाकर छूट का फायदा उठा सकते हैं। साथ ही कमर्शियल वाहनों को यह छूट नहीं दी जा सकती।