Follow Us:

असम में बाढ़ का कहर, अब तक 44 लोगों की मौत

समाचार फर्स्ट डेस्क |

असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है और इसकी जद में 24 जिलों के 17 लाख लोग आ गए हैं। एएसडीएमए के अनुसार अब तक बाढ़ में 44 लोगों की मौत हो चुकी है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि अभी तक 2,500 गांव ब्रह्मपुत्र नदी और उसकी सहायक नदियों की चपेट में आ चुके हैं।
जानकारी के अनुसार 24 घंटों में 5 और लोगों की मौत के बाद मरने वालों की संख्या 44 तक पहुंच गई है।

एएसडीएमए ने बताया कि वीरवार तक 17,18,135 लोग बाढ़ की जद में आ गए हैं। असम में 31 हजार लोगों के लिए 294 राहत शिविर लगाए गए हैं। राहत दल और बचाव कार्य में लगी हुई हैं। अब तक 2 हजार से अधिक लोगों को बचाया गया है।

सीएम ने किया इलाके का दौरा

मुख्यमंत्री सोनोवाल ने जिला प्रशासन से बाढ़ पीड़ित लोगों को तुरंत राहत देने का इंतजाम करने का निर्देश जारी किया है। सोनोवाल ने बुधवार को बाढ़ग्रस्त माजुली जिले का दौरा किया और राहत शिविरों का जायजा लिया है। भीषण बाढ़ के चलते 1,760 हेक्टेयर की फसल बर्बाद हो गई है और सैकड़ों लोग बेघर हो गए हैं। सोनोवाल ने काजीरंगा अभयारण्य का भी दौरा किया और अधिकारियों को पशुओं पर नजर रखने का निर्देश दिया, ताकि वे शिकारियों का निशाना न बनें।