Follow Us:

गुजरात: मोरबी में दर्दनाक हादसा, फैक्ट्री में दीवार गिरने से 12 मजदूरों की मौत, कई घायल

गुजरात के मोरबी में दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां एक दीवार गिरने से 12 मजदूरों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हुए हैं। दीवार के नीचे 30 लोगों के दबे होने की आशंका है।…

डेस्क |

गुजरात के मोरबी में दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां एक दीवार गिरने से 12 मजदूरों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हुए हैं। दीवार के नीचे 30 लोगों के दबे होने की आशंका है। ऐसे में मृतकों की संख्या ओर अधिक हो सकती है। हादसा मोरबी जिला के हलवद में सागर साल्ट नाम की कंपनी में पेश आया है। उक्त कंपनी में नमक तैयार करने का काम होता है।

बताया जा रहा है कि दीवार काफी जर्जर हो चुकी थी जिस वजह से वे धाराशायी हो गई। हादसे के समय मजदूर कंपनी में नमक की बोरियों को लगा रहे थे इसी दौरान ये हादसा पेश आया। प्रशासन ने इन बोरियों के नीचे करीब 30 मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

मलबे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी और कटर का इस्तेमाल किया जा रहा है। घटनास्थल पर जिले के प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया गया है।

पीएम मोदी ने भी हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, ‘मोरबी में दीवार गिरने से हुई त्रासदी हृदय विदारक है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें। स्थानीय अधिकारी प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।

वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम राहत कोष से मृतक के परिवारों को 2-2 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। जबकि घायलों को 50-50 हजार की मदद का ऐलान किया है।