-
हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है
-
पिछले एक सप्ताह में हरियाणा और पंजाब से छह और संदिग्ध पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार किए गए हैं
-
ज्योति समेत अधिकांश आरोपी सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संपर्कों के जरिए पाकिस्तानी एजेंट्स से जुड़े पाए गए हैं
Pakistan Spy Network: हरियाणा के हिसार की रहने वाली यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। हिसार पुलिस ने 15 मई को उसे उसके घर से हिरासत में लिया और शनिवार को कोर्ट में पेश कर 5 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया। पुलिस के मुताबिक, वह सोशल मीडिया के माध्यम से भारत की संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान भेज रही थी और उसके संबंध तीन बार पाकिस्तान यात्रा के दौरान वहां के एजेंट्स से स्थापित हुए थे।

ज्योति ‘ट्रैवल विद जो’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाती है, जिसके लाखों फॉलोअर्स हैं। वह पहले गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में काम करती थी लेकिन कोविड के दौरान नौकरी छूटने के बाद फुल टाइम ब्लॉगर बन गई। ज्योति की गतिविधियों पर केंद्रीय एजेंसियों की पहले से नजर थी, और अब उसके पाकिस्तानी एजेंट्स से वॉट्सएप, टेलीग्राम, और स्नेपचैट के माध्यम से संपर्क के प्रमाण मिले हैं।

2023 में पाकिस्तान यात्रा के दौरान, उसकी मुलाकात पाकिस्तान हाई कमीशन के कर्मचारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश से हुई। इसके बाद वह अली अहसान और शाकिर उर्फ राणा शहबाज जैसे पाक एजेंटों से भी जुड़ गई। आरोप है कि वह सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की सकारात्मक छवि दिखाने का कार्य भी कर रही थी।

इसके अलावा, हरियाणा और पंजाब से पकड़े गए अन्य जासूसों में अरमान, नोमान इलाही, देविंदर सिंह, गजाला, यामीन मोहम्मद और मुर्तजा अली शामिल हैं। इन सभी पर भारत की सैन्य और संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान को देने के आरोप हैं। कुछ मामलों में हनी ट्रैप, तो कुछ में पैसों का लालच देकर एजेंटों को जोड़ा गया।
इन घटनाओं ने देश की सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है, और सोशल मीडिया के माध्यम से हो रहे खुफिया गतिविधियों पर खास निगरानी की जा रही है।



