Follow Us:

होली के रंगों से कैसे बचाएं अपनी त्वचा, जानें डॉक्टर की राय

पी. चंद |

भारत मेलों और पर्वों का देश है। इसमें रंगों के पर्व होली का साल भर लोगों को इंतजार रहता है, खासकर बच्चों का यह पसंदीदा त्यौहार है। लेकिन होली का हुड़दंग कई बार परेशानियों में डाल देता है। होली का रंग अगर हमारी त्वचा, बाल या आंखों में पड़ जाए तो यह उनमें जलन, ऐलर्जी या रैशेज की वजह भी बन सकता है।

आईजीएमसी के स्किन विशेषज्ञ डॉ घनश्याम बताते हैं कि होली से एक दिन पहले, अपने पूरे शरीर पर सरसों का तेल लगा लें। चेहरे, हाथों और पैरों पर अच्छी तरह से तेल लगाएं क्योंकि ये ऐसी जगहें हैं, जो रंगों के सीधे संपर्क में आती हैं। तेल आपकी त्वचा को सुरक्षित रखेगा और आपको आसानी से रंगों को हटाने में मदद करेगा। तेल के बजाय, आप लोशन भी इस्तेमाल कर सकते हैं। यह आपकी त्वचा को साफ रखने में भी बहुत प्रभावी है और इसके इस्तेमाल से यहां तक कि सबसे कठोर रंग भी साफ हो जाएगा।

होली के दिन बालों में नारियल का तेल लगाएं। यह एक संरक्षक के रूप में कार्य करता है और रंगों को बालों की जड़ों में गहराई में जाने से रोकता है। यदि सूखा रंग आपकी आंखों में चला जाए तो अपनी आंखों को पानी से अच्छी तरह धोएं। होली के दिन, अपनी आंखों को नियमित रूप से पानी से धोएं। अपनी आंखों से रंग को साफ करने के बाद, अपनी आंखों में कुछ गुलाब जल डालें और थोड़ी देर तक लेटे रहें। हालांकि होली के दौरान इस्तेमाल किये जाने वाले अधिकांश रंग सुरक्षित होते हैं, लेकिन कुछ लोग रसायनिक रंगों का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। जो आपकी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं।