Follow Us:

झारखंड: टाटा स्टील प्लांट में जोरदार धमाका, 3 लोगों के घायल होने की ख़बर

झारखंड के जमशेदपुर में टाटा स्टील के कोक प्लांट में भीषण आग लगी है। दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है। बताया गया है कि आग में झुलसकर कुछ लोग घायल हो गए। प्लांट के अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे।

डेस्क |

डेस्क। झारखंड के जमशेदपुर में टाटा स्टील के कोक प्लांट में शनिवार की सुबह जोरदार धमाका हुआ। मीडिया रिपोर्ट के हवाले से ख़बर है कि इस धमाके में दो ठेकाकर्मी घायल हो गये हैं, जबकि टाटा स्टील का एक कर्मचारी बेहोश हो गया। तीनों को इलाज के लिये एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टाटा कॉरपोरेट कम्युनिकेशन की ओर से खबर की पुष्टि की गयी है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय बैट्री नंबर 6 एरिया में काम चल रहा था। इस दौरान ही जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद वहां के कर्मचारियों और मजदूरों में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। मौके पर दमकल विभाग की टीम मौजूद है और पुलिस ने भी मोर्चा संभाला हुआ है।

घटना के बारे में टाटा कॉरपोरेट कम्युनिकेशन के अधिकारियों ने बताया कि जब धमाका हुआ तब बंद पड़े बैट्री नंबर 6 को हटाने का काम चल रहा था। इस दौरान ही अचानक धमाका हो गया। धमाके के समय वहां पर काम कर रहे दो ठेका मजदूरों के पैर में चोटें आयी हैं। इसी तरह दूर खड़ा एक कर्मचारी गैस रिसाव से बेहोश हो गया।

मुख्यमंत्री ने भी किया ट्वीट

इस घटना पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी ट्वीट किया। उन्होंने पूर्वी सिंहभूम की डिप्टी कमिश्नर को टैग करते हुए कहा कि ‘जमशेदपुर में टाटा स्टील प्लांट में ब्लास्ट होने की खबर मिली है। जिला प्रशासन, टाटा स्टील प्रबंधन के साथ सामंजस्य बनाकर घायलों के त्वरित इलाज हेतु कार्यवाई कर रही है।’