Follow Us:

रांची एयरपोर्ट पर गिद्ध से टकराने के बाद इंडिगो फ्लाइट की आपात लैंडिंग

  • रांची एयरपोर्ट के पास इंडिगो फ्लाइट को गिद्ध से टकराव के चलते 2 जून दोपहर आपात लैंडिंग करानी पड़ी

  • फ्लाइट में 175 यात्री सवार थे, सभी पूरी तरह सुरक्षित; विमान को 40 मिनट हवा में रखा गया

  • विमान के नोज सेक्शन में बड़ा डेंट; एयरपोर्ट पर मरम्मत और जांच जारी, यह फ्लाइट कोलकाता जा रही थी


सोमवार, 2 जून दोपहर 1:14 बजे रांची एयरपोर्ट के पास इंडिगो की एक फ्लाइट को गिद्ध से टकराव के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। TOI की रिपोर्ट के अनुसार जब फ्लाइट बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से कुछ ही दूरी पर थी, तभी लगभग 3 से 4 हजार फीट की ऊंचाई पर एक गिद्ध विमान से टकरा गया। इस कारण विमान को 40 मिनट तक हवा में रखना पड़ा, इसके बाद पायलट ने सतर्कता बरतते हुए फ्लाइट को सुरक्षित लैंड कराया।

फ्लाइट में कुल 175 यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित हैं। टकराव से विमान के अगले हिस्से में बड़ा डेंट आया है, जिसकी फिलहाल रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मरम्मत की जा रही है। एयरपोर्ट डायरेक्टर आर.आर. मौर्य ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फ्लाइट अब रांची में ही खड़ी है और इंजीनियर इसकी जांच कर रहे हैं। यह फ्लाइट आगे कोलकाता जाने वाली थी।

इस घटना से पहले भी इंडिगो की फ्लाइटें मौसम या अन्य कारणों से इमरजेंसी परिस्थितियों में फंसी हैं:

1 जून – रायपुर से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E 6313:

दिल्ली पहुंचने से पहले यह फ्लाइट 80 किमी/घंटे की रफ्तार वाली आंधी के कारण टर्बुलेंस में फंस गई थी। पायलट को एक बार फिर फ्लाइट को हवा में उड़ाना पड़ा। बाद में ATC से क्लियरेंस मिलने पर फ्लाइट सुरक्षित उतरी।

21 मई – दिल्ली से श्रीनगर की फ्लाइट 6E 2142:

यह फ्लाइट ओलावृष्टि में फंस गई थी, जिससे फ्लाइट की नोज कोन क्षतिग्रस्त हो गई थी। यात्रियों ने डर के कारण चीखना शुरू कर दिया था, लेकिन पायलट की सतर्कता से फ्लाइट सुरक्षित लैंड हुई।

इन सभी घटनाओं में किसी भी यात्री को चोट नहीं पहुंची, लेकिन इससे विमानन सुरक्षा को लेकर चिंता जरूर बढ़ी है।