Follow Us:

त्योहारों से पहले महंगाई का एक और झटका, फिर बढ़े गैस के दाम

डेस्क |

त्योहारों से पहले आम आदमी को महंगाई का जोरदार झटका लगा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर एक बार फिर महंगा हो गया है। सरकारी तेल कंपनियों ने आज यानी 6 अक्टूबर को एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। तेल कंपनियों ने बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर के भाव में 15 रुपये का इजाफा किया है।

इस बढ़ोतरी के बाद अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रसोई गैस सिलेंडर के दाम 884.50 रुपये से बढ़कर 899.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गए हैं। जबकि दिल्ली में 19 किग्रा कमर्शियल गैस की कीमत 1736.5 रुपए है।

इस महीने की शुरुआत के पहले दिन तेल कंपनियों ने 19 किग्रा कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 43.5 रुपए प्रति सिलेंडर तक का इजाफा किया था। इस दौरान घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी। लेकिन बुधवार को एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं।

सरकार ने नेचुरल गैस की कीमतों में 62 फीसदी की बढ़ोतरी की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेंच मार्क कीमतों में बढ़ोतरी के बाद सरकार ने घरेलू कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला किया है। नेचुरल गैस के दाम बढ़ने से सीएनजी, पीएनजी और रसोई गैस की कीमतों में इजाफा हुआ है।