➤ होशियारपुर में LPG टैंकर ब्लास्ट, 15 दुकानें और 4 घर जलकर खाक
➤ हादसे में 2 लोगों की मौत, 30 से ज्यादा गंभीर रूप से झुलसे
➤ हाईवे बंद, SDRF और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां लगीं राहत कार्य में
पंजाब के होशियारपुर जिले के मंडियाला गांव में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। करीब रात 10:30 बजे LPG से भरे टैंकर को एक मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टैंकर पलट गया और गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही पलों में जोरदार ब्लास्ट हुआ और आग ने आसपास की दुकानों व घरों को अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी भीषण थी कि 15 दुकानें और 4 घर जलकर राख हो गए। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग झुलस गए। इनमें कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को होशियारपुर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई मरीजों को जालंधर और लुधियाना रेफर करना पड़ा।

धमाके जैसी आवाज और अफरातफरी
गांव के लोगों ने बताया कि टैंकर पलटते ही बम फटने जैसी आवाज आई। धमाका इतना जोरदार था कि 5-7 किलोमीटर दूर तक घर हिल गए। गैस के रिसाव से गांव के घरों तक आग फैल गई। लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागने लगे।

ग्रामीण गुरमुख सिंह ने बताया,
“हम समझ ही नहीं पाए कि क्या हुआ। टैंकर पलटने के बाद इतनी तेजी से गैस निकली कि कुछ ही सेकंड में आग फैल गई। मेरा पूरा परिवार झुलस गया।”
दूसरे पीड़ित गुरबख्श सिंह ने आरोप लगाया कि हादसा उस टैंकर से हुआ जो गैस की कालाबाजारी के लिए आया था।

राहत कार्य और प्रशासन की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गए। SDRF की टीम, होशियारपुर, दसूहा और तलवाड़ा से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कई घंटे की मशक्कत के बाद रात डेढ़ बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया।

DC आशिका जैन ने कहा कि स्थिति सामान्य होने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जाएगा। वहीं, सिविल सर्जन पवन कुमार ने बताया कि कई मरीजों की हालत गंभीर है और उन्हें बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।
गनीमत: 500 मीटर दूर गैस प्लांट सुरक्षित
हादसे की सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि जिस जगह धमाका हुआ, वहां से महज 500 मीटर दूर एक गैस प्लांट है। अगर आग वहां तक पहुंचती तो हालात और भी खतरनाक हो सकते थे।
हादसे की खबर मिलते ही पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह रात को ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा,
“यह बेहद दुखद घटना है। सरकार घायलों के इलाज और प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करेगी।”



