Follow Us:

महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच राज्यपाल कोरोना पॉजिटिव, इस्तीफा दे सकते हैं सीएम उद्धव!

महाराष्ट्र में सियासी संकट जारी है। इस बीच राज्य के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को बुधवार को कोरोना हो गया।

डेस्क |

महाराष्ट्र में सियासी संकट जारी है। इस बीच राज्य के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को बुधवार को कोरोना हो गया। उन्हें सुबह दक्षिण मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजभवन के एक अधिकारी ने कहा, “उन्हें बुखार चल रहा था, उन्हें पिछले कुछ दिनों से कमजोरी और खांसी थी। कल उनका स्वाब लिया गया और रिपोर्ट देर रात आई। डॉक्टरों ने बेहतर निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है।”

अधिकारियों ने कहा है कि गवर्नर कोश्यारी को रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिवसेना के बागी नेता और महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में 33 शिवसेना और सात निर्दलीय विधायक बुधवार को भाजपा शासित असम के गुवाहाटी के एक लग्जरी होटल में पहुंचे। शिवसेना में विद्रोह ने अटकलों को जन्म दिया है कि शिंदे अन्य विधायकों के साथ महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार को गिराने के लिए भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

शिवसेना विधायक अब शहर के रैडिसन ब्लू होटल में ठहरे हुए हैं। शिंदे ने गुवाहाटी पहुंचने के बाद कहा, “यहां कुल 40 विधायक मौजूद हैं। हम बालासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व को आगे बढ़ाएंगे।”

गुवाहाटी हवाई अड्डे पर भाजपा विधायक सुशांत बोरगोहेन और भाजपा सांसद पल्लब लोचन दास ने शिवसेना विधायकों की अगवानी की। बोर्गोहेन ने कहा, “मैं उन्हें (गुजरात के सूरत से शिवसेना विधायक) लेने आया था। मैंने यह नहीं गिना कि कितने विधायक आए हैं। मैं यहां निजी संबंधों के लिए आया हूं। उन्होंने किसी कार्यक्रम का खुलासा नहीं किया है।”