Follow Us:

बैंक कर्मचारियों पर सट्टेबाजी के लिए फंड हेरफेर का आरोप

 HDFC बैंक की शाखा में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। बैंक के कुछ कर्मचारियों पर आरोप है कि उन्होंने ग्राहकों के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और खातों से पैसे निकालकर सट्टेबाजी में लगा दिए। इस मामले में छह ग्राहकों ने बैंक कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। यह मामला मध्य प्रदेश के बैतूल जिला का है।

ग्राहकों का आरोप है कि उनकी मेहनत की कमाई बिना किसी पूर्व सूचना के गायब हो गई। एक व्यक्ति ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी के लिए 5 लाख रुपये FD में जमा किए थे, लेकिन अब वह राशि बैंक खाते से गायब है। इसी तरह, कई अन्य ग्राहकों के नाम पर फर्जी क्रेडिट कार्ड जारी कर अवैध ट्रांजैक्शन किए गए और खातों से ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए पैसे निकाल लिए गए।

इस घोटाले को लेकर ग्राहकों ने जब स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज करानी चाही, तो पुलिस ने रिपोर्ट लिखने से इनकार कर दिया। मजबूर होकर पीड़ितों को जिला अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग करनी पड़ी। इससे पहले भी बैतूल स्थित HDFC बैंक शाखा पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

ओडिशा में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां गुप्ता पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड द्वारा बैंक ऑफ इंडिया से 226.84 करोड़ रुपये और पंजाब नेशनल बैंक से 270.57 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। अब बैतूल के ग्राहक अपने पैसे की वापसी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बैंक और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं, यह देखना बाकी है।