Follow Us:

‘आधार’ शब्द बना OXFORD ‘हिंदी वर्ड ऑफ द ईयर-2017’

पंकज चम्बियाल |

OXFORD डिक्शनरी ने पहली बार 'हिंदी वर्ड ऑफ द ईयर-2017' चुना है। 'आधार' को साल 2017 के हिंदी शब्द के रूप में शामिल करने की घोषणा की गई।  जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के एक सेशन के दौरान ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी प्रेस ने इसकी जानकारी दी।

बता दें साल 2017 में 'आधार' शब्द काफी पॉपुलर रहा। खास बात यह है कि पहली बार अंग्रेजी की तरह हिंदी में भी वर्ड ऑफ द ईयर का एलान किया गया।

इन शब्दों की दौड़ में जीता 'आधार'

साल 2017 में कई हिंदी शब्द इस दौड़ में शामिल थे। वर्ड ऑफ द ईयर की दौड़ में आधार के अलावा मित्र, नोटबंदी और गौ-रक्षक जैसे शब्द थे। इन सबमें आधार शब्द ने बाजी मारी। इसके अलावा इस शब्द पर सबसे ज्यादा चर्चा और विवाद हुआ।

गलत शब्द है 'मित्रों'

कवि और लेखक अशोक वाजपेयी ने कहा की 'मित्रों' शब्द व्याकरण के हिसाब से गलत है, सही शब्द है ‘मित्रो’। बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी अपनी स्पीच के दौरान मित्रों शब्द का काफी इस्तेमाल करते हैं। वाजपेयी ने कहा, “भाषा की रक्षा करना लोगों की अपनी जिम्मेदारी है। बदलाव के साथ नए शब्द भी आएंगे, लेकिन भाषा को बचाने की जिम्मेदारी लोगों को खुद ही उठानी होगी।”

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस इंडिया के प्रबंध निदेशक शिवरामाकृष्णन वी के मुताबिक, ‘हम अत्यंत उल्लास के साथ पहले ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी के वर्ष के हिंदी शब्द की घोषणा कर रहे हैं।’