Follow Us:

पहलगाम हमले में शामिल 3 पाकिस्तानी आतंकियों के पोस्टर जारी, जानकारी देने पर ₹20 लाख इनाम

  • सोमवार रात जम्मू, पंजाब और राजस्थान में ड्रोन गतिविधियां, सांबा और पठानकोट में ड्रोन मार गिराए।

  • DGMO स्तर की बातचीत में सीजफायर पर सहमति, भारतीय सेना ने कहा- स्थिति नियंत्रण में है।



Pahalgam Attack: पहलगाम हमले में शामिल तीन पाकिस्तानी आतंकियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सुरक्षा बलों ने उनके पोस्टर जारी कर दिए हैं। इन आतंकियों की जानकारी देने वाले को ₹20 लाख का इनाम दिया जाएगा। इन तीनों की तस्वीरें और विवरण जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील इलाकों में चस्पा कर दिए गए हैं, ताकि आम लोग सतर्क रह सकें और किसी भी सूचना को सुरक्षा एजेंसियों से साझा कर सकें।

उधर, सोमवार रात को जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान में ड्रोन गतिविधियां देखी गईंपंजाब के होशियारपुर में धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। सांबा और पठानकोट की तरफ से आए दो ड्रोन को भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही नष्ट कर दिया।

हालांकि, भारतीय सेना ने बयान जारी कर कहा है कि दुश्मन के किसी ड्रोन की स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है, और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। स्थानीय इलाकों में सुबह के वक्त हालात सामान्य रहे, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य स्तर पर बातचीत भी हुई, जहां डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन्स (DGMO) ने सोमवार शाम 5 बजे संपर्क किया। इस बातचीत में सीजफायर बनाए रखने और दोनों ओर से कोई गोलीबारी न करने की सहमति बनी। इसके बाद फिलहाल सीमा पर तनाव नियंत्रण में है, लेकिन पाकिस्तान की ओर से ड्रोन भेजे जाने की घटनाओं ने चिंता को बढ़ा दिया है।

पिछले कुछ दिनों से पंजाब और जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों में लगातार ड्रोन गतिविधियां देखी जा रही हैं, जिससे यह संदेह और गहराता जा रहा है कि आतंकियों की घुसपैठ और हथियार/नकली करेंसी भेजने की कोशिशें की जा रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता के चलते कई प्रयासों को विफल किया गया है, लेकिन अलर्ट अभी भी जारी है।