Follow Us:

ट्रैक्टर चलाकर संसद पहुंचे राहुल गांधी, पुलिस ने सुरजेवाला, मनीष ठाकुर सहित कई नेता हिरासत में लिए

पी. चंद |

कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्षन लगातार जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को राहुल गांधी ट्रैक्टर चलाकर संसद भवन पहुंचे। ट्रैक्टर पर राहुल गांधी के साथ रणदीप सुरजेवाल, दीपेंद्र हुड्डा सहित कई कांग्रेसी नेता सवार दिखे। राहुल गांधी ने कहा कि ये किसानों की आवाज है। किसानों की आवाज को नहीं सुना जा रहा। सरकार को इन तीनों काले कानूनों को वापस लेना होगा।

वहीं, दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी के ट्रैक्टर को रोकर उन्हें आगे जाने से रोका। इस दौरान पुलिस ने संसद के पास से कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला, युथ कांग्रेस के अध्यक्ष बी वी श्रीनिवास, कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रणव झा, राष्ट्रीय महासचिव हरीश पवार, हिमाचल युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मनीष ठाकुर, युवा कांग्रेस हरियाणा के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष अनंद दहिया, अर्श बटर आदि को गिरफ्तार कर मंदिर मार्ग से थाने ले जाया गया। ये सभी नेता अभी भी पुलिस की हिरास्त में हैं। 

इतना ही नहीं, राहुल गांधी जिस ट्रैक्टर पर सवार होकर आए थे उसे भी दिल्ली पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। बता दें कि संसद सत्र के दौरान यहां धारा 144 लागू रहती है। जिस कारण से पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है।