Follow Us:

राफेल डील पर राहुल का हमला, ‘भ्रष्ट हैं PM मोदी-दें इस्तीफा’

समाचार फर्स्ट डेस्क |

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल डील पर एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लिया है। आरोप लगाते हुए राहुल ने कहा कि इस डील के जरिये प्रधानमंत्री मोदी ने अनिल अंबानी की जेब में 30 हजार करोड़ रुपये डाले हैं। मोदी खुद भ्रष्टाचार के मामले को लेकर सत्ता में आए थे और खुद अब इन आरोपों से जूझ रहे हैं। पीएम मोदी भ्रष्ट हैं और उन्हें इस मामले में अपना नाम आने पर इस्तीफा देना चाहिए।

राहुल ने कहा कि राफेल डील साफतौर पर रक्षा क्षेत्र में भ्रष्टाचार का मामला है। इस भ्रष्टाचार को समझने के लिए सारी चीजें सामने हैं। धीरे-धीरे इस सौदे की गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले में कांग्रेस ने जेपीसी बनाकर जांच की मांग की थी। लेकिन बीजेपी इससे पीछे हट गई।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश के किसानों, युवाओं और गरीबों के साथ विश्वासघात किया है। इस मामले में पहले फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ने कहा था कि भारत के प्रधानमंत्री ने अनिल अंबानी को राफेल का ठेका देने कि बात कही थी। अब दसॉ कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ने कहा है कि इस सौदे में अनिल अंबानी की कंपनी को साझेदार बनाने की शर्त थी।

राहुल ने यह भी सवाल किया कि विदेश मंत्री निर्मला सीतारमण इस समय फ्रांस क्यों गई हैं। इस समय फ्रांस में ऐसा क्या पक रहा है कि उन्हें वहां जाना पड़ा।