Follow Us:

सलमान खान की जमानत पर बहस पूरी, लंच के बाद आएगा फैसला

समाचार फर्स्ट |

जोधपुर कोर्ट में सलमान खान की जमानत पर सुनवाई जारी है। सेशंस कोर्ट के जज रवींद्र जोशी ट्रांसफर होने के बाद भी आज सलमान की जमानत पर सुनवाई कर रहे हैं। खबरों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच बहस पूरी हो चुकी है। जज लंच के बाद कभी भी अपना फैसला सुना सकते हैं। मामले की सुनवाई से पहले सत्र न्‍यायाधीश रविंद्र कुमार जोशी और सलमान को सजा सुनाने वाले सीजेएम देव कुमार खत्री के बीच चैंबर में बातचीत भी हुई।

दरअसल राजस्थान सरकार ने शुक्रवार रात एक साथ 87 जजों के तबादले कर दिए। इनमें जोधपुर सेशन कोर्ट के जज रवींद्र कुमार जोशी भी हैं। उनकी जगह चंद्रशेखर शर्मा को सेशन जज बनाया गया है। इस तबादले के बाद कहा जा रहा था कि सलमान खान की जमानत लटक सकती है और उन्हें अभी कई रातें जेल में काटनी पड़ सकती है। अब सुनवाई शुरू होने के बाद में उम्मीद जताई जा रही है कि सलमान को आज जमानत मिल सकती है।