Follow Us:

संजौली मस्जिद विवाद: अब वक्फ बोर्ड भी अवैध निर्माण गिराने के लिए तैयार

|

 

समाचार फर्स्‍ट, नेटवर्क

Shimla: मस्जिद कमेटी के बाद अब संजौली मस्जिद में विवादित अवैध निर्माण को गिराने के लिए वक्फ बोर्ड भी तैयार है। बोर्ड के प्रदेश अधिकारी कुतुबदीन ने शुक्रवार को नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री से मिलकर इस बारे में बोर्ड के लिए फैसले का पत्र सौंपा है। इससे पहले वीरवार को मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद लतीफ और अन्य सदस्य नगर निगम आयुक्त से मिले थे। इन्होंने लिखित आवेदन दिया है कि कमेटी मस्जिद में हुए अवैध निर्माण को गिराने के लिए तैयार है। यदि नगर निगम इसे गिराने के आदेश देता है तो कमेटी खुद यह अवैध निर्माण तोड़ देगी।

बता दें कि नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने कमेटी के आवेदन मिलने के बाद वक्फ बोर्ड से भी जवाब मांगा था। पूछा था कि क्या वक्फ बोर्ड भी मस्जिद कमेटी के फैसले से सहमत है। इस पर अब बोर्ड से जवाब आ गया है। आवेदन सशर्त है और इसमें कहा गया है कि मौके पर पहले ढाई मंजिला मस्जिद थी। नगर निगम नियमों के अनुसार यदि इसके ऊपर अवैध निर्माण हुआ है तो नगर निगम इसे गिराने के आदेश दे सकता है। हालांकि, ढाई मंजिला मस्जिद पुरानी है। इससे ऊपर के निर्माण पर ही निगम कार्रवाई कर सकता है।आयुक्त ने बताया कि अभी मस्जिद कमेटी या वक्फ बोर्ड के आवेदन पर फैसला नहीं लिया है। इस पर विचार किया जा रहा है। जल्द ही इस पर फैसला लिया जाएगा।