Follow Us:

खरगे से मिले सुक्खू, मस्जिद विवाद और स्ट्रीट वेंडर पॉलिसी पर दी सफाई

|

 

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने सत्ता और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को सूचित किया कि प्रदेश सरकार ने जनहित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की अनदेखी और सीमित संसाधनों के बावजूद प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने विकास की गति को रुकने नहीं दिया है और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरी है।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मस्जिद विवाद और स्ट्रीट वेंडर पॉलिसी पर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष को स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि दोनों मामलों को राजनीतिक रूप से गलत तरीके से पेश किया जा रहा है, जबकि स्थिति वैसी नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए अफवाहें फैला रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्ट्रीट वेंडर पॉलिसी को लेकर विधानसभा अध्यक्ष ने एक कमेटी गठित की है, जो इस पर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि कांग्रेस सरकार ने अपने 20 महीने के शासनकाल में चुनावी घोषणाओं में से 5 को पूरा कर लिया है और बाकी घोषणाओं को चरणबद्ध तरीके से जल्द ही पूरा किया जाएगा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उठाए गए कदमों और नीतिगत फैसलों के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नए संसाधनों से आय जुटाकर आर्थिक सुदृढ़ता की दिशा में काम कर रही है, जिसका नतीजा है कि सरकार ने 2200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया है, जिसे जनहित और विकास कार्यों में लगाया जा रहा है।

संगठनात्मक मसलों पर भी चर्चा

मुख्यमंत्री ने संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से चर्चा की और बताया कि प्रदेश में सरकार और संगठन एकजुट होकर काम कर रहे हैं। इस दौरान इंडियन नैशनल कांग्रेस के फेसबुक पेज पर मल्लिकार्जुन खरगे और सीएम सुक्खू की इस मुलाकात की फोटो भी शेयर की गई है।