Follow Us:

JK: त्राल में आतंकवादियों ने किया ग्रेनेड हमला, 7 नागरिक घायल

समाचार फर्स्ट डेस्क |

जम्मू कश्मीर के अवंतीपोरा में एक बार फिर आतंकी हमला हुआ है। नए साल की शुरूआत होते ही आतंकियों ने हमले करने शुरू कर दिए हैं। यहां त्राल बस स्टैंड पर आज आतंकवादियों ने ग्रेनेड हमला किया। इस हमले में सात नागरिक घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार त्राल बस स्टैंड में आतंकवादियों ने एसएसबी के जवानों पर ग्रेनेड फेंका। गनीमत रही कि निशाना चूक गया और ग्रेनेड सड़क पर फट गया। एसपी अवंतीपोरा ने भी इस हमले में आठ नागरिकों के घायल होने की पुष्टि की है। फिलहाल घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

बता दें कि बीते कल शुक्रवार की शाम को नए साल के पहले दिन आतंकियों ने शहर के छानपोरा इलाके के लाल नगर बाईपास पर सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड हमला किया था। यहां तैनात एसएसबी के जवानों को आतंकियों ने निशाना बनाकर ग्रेनेड हमला किया था। हालांकि इस हमले में कोई नुकसान नहीं हुआ।