Follow Us:

किसान आंदोलन से निकली पहली राजनीतिक पार्टी, किसान नेता चढ़ूनी ने किया पार्टी का ऐलान

डेस्क |

किसानों के 378 दिनों के संघर्ष और संसद के दोनों सदनों में कृषि कानूनों की वापसी के बाद देश में अब एक और नई सियासी पार्टी का जन्म हुआ है। आंदोलन का प्रमुख चेहरा रहे गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने शनिवार को चंडीगढ़ में नए राजीनतिक दल ‘संयुक्त संघर्ष पार्टी’ का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पूरे दम खम के साथ पंजाब में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

चढ़ूनी ने कहा कि देश में पार्टियों की कमी नहीं है, लेकिन आज देश में बदलाव की जरूरत है। मौजूदा पार्टियों ने राजनीति को व्यापार बना लिया है। राजनीति में बदलाव लाने के लिए राजनीति को शुद्ध करने के लिए हम अपनी नई धर्मनिरपेक्ष पार्टी ‘संयुक्त संघर्ष पार्टी’ लॉन्च कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी वे मिशन पंजाब को लेकर चल रहे हैं। भविष्य में हरियाणा चुनावों की बारी आएगी तो तब इस पर भी विचार किया जाएगा।

बता दें कि अगले साल पंजाब में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में यह तो तय है कि विधानसभा चुनावों में किसान आंदोलन से जुड़े कुछ नए चेहरे नजर आएंगे। हालांकि कुछ समय पहले मीडिया से बात करते हुए चढ़ूनी खुद चुनाव लड़ने से इंकार कर चुके हैं। तब उन्होंने कहा था कि मैं पंजाब में चुनाव नहीं लड़ूंगा बल्कि लोगों को चुनाव लड़ने और एक मॉडल पेश करने के लिए इकट्ठा कर रहा हूं।