-
ड्रोन हमले में घायल सुखविंदर कौर की मौत, लुधियाना DMC अस्पताल में इलाज के दौरान निधन
-
सीजफायर के बावजूद पंजाब में लगातार तीसरे दिन ड्रोन देखे गए, होशियारपुर, जालंधर और अमृतसर में ब्लैकआउट
-
अमृतसर, तरनतारन, पठानकोट और फाजिल्का में स्कूल-कॉलेज बंद, कई फ्लाइट्स रद्द
Punjab Drone Attackभारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच पंजाब के फिरोजपुर जिले में हुए ड्रोन हमले में घायल महिला सुखविंदर कौर की मौत हो गई है। 9 मई को फिरोजपुर के खाई सेमे गांव में ड्रोन अटैक हुआ था, जिसमें सुखविंदर कौर गंभीर रूप से घायल हुई थीं। लुधियाना के DMC अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हमले में घायल हुए लखविंदर सिंह और सोनू का इलाज अभी भी जारी है।
हालात इतने तनावपूर्ण हैं कि सीजफायर की घोषणा के बावजूद पंजाब में लगातार तीसरे दिन भी ड्रोन देखे गए। होशियारपुर में आर्मी ने एक ड्रोन को हवा में ही मार गिराया, जिसके बाद दसूहा और मुकेरियां क्षेत्रों में ब्लैकआउट कर दिया गया। इन इलाकों में 5 से 7 धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
जालंधर के मंड क्षेत्र में एक और ड्रोन को मार गिराया गया। इसके बाद सुरानुसी में ब्लैकआउट किया गया और वहां भी धमाकों की गूंज सुनाई दी। अमृतसर में भी रात के समय ब्लैकआउट किया गया। सुरक्षा कारणों से दिल्ली से आने वाली एक फ्लाइट को अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड नहीं करने दिया गया, और उसे मानसा से ही वापस भेज दिया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इंडिगो और एअर इंडिया ने चंडीगढ़ और अमृतसर के लिए आने-जाने वाली कई फ्लाइट्स रद्द कर दी हैं। सुरक्षा अलर्ट के चलते अमृतसर, तरनतारन और पठानकोट जिलों के प्रशासन ने 13 मई (मंगलवार) को सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का आदेश दिया है। इसके साथ ही फाजिल्का प्रशासन ने अगले दो दिन तक सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश दिए हैं।
पंजाब में बढ़ते ड्रोन खतरों और सीमाई क्षेत्रों में सुरक्षा चिंताओं ने केंद्र और राज्य सरकारों को सतर्क कर दिया है। बीएसएफ और सेना लगातार निगरानी रख रही है, लेकिन लगातार हो रहे ब्लैकआउट और धमाकों से आम जनता में चिंता का माहौल बना हुआ है।



