➤ जोजिला दर्रे के पास भारी हिमस्खलन, 7 लोगों की मौत
➤ 7-8 वाहन बर्फ में दबे, 5 लोग गंभीर घायल
➤ सेना, बीआरओ और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
लद्दाख के कारगिल जिले में शुक्रवार दोपहर प्रकृति ने भयावह रूप दिखाया, जब जोजिला-गुमरी मार्ग पर अचानक भारी हिमस्खलन (एवलांच) हुआ। यह हादसा जीरो पॉइंट और मिनीमर्ग के बीच हुआ, जहां गुजर रहे वाहन कुछ ही सेकंड में बर्फ के विशाल मलबे के नीचे दब गए।

इस दर्दनाक घटना में 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कम से कम 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

यह हादसा दोपहर करीब 3 बजे उस समय हुआ जब वाहन लेह-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे थे। अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में बर्फ खिसककर सड़क पर आ गिरी और पलक झपकते ही कई वाहन उसकी चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 7 से 8 वाहन पूरी तरह बर्फ में दब गए हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सेना, सीमा सड़क संगठन (BRO), लद्दाख पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी इलाके के बावजूद राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। जवान भारी मशीनों की मदद से बर्फ हटाकर फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं।

घायलों को तत्काल बाहर निकालकर उप-जिला अस्पताल द्रास में भर्ती कराया गया है, जहां चार की हालत नाजुक बताई जा रही है। बचाव कार्य में स्थानीय स्वयंसेवकों और 108 एम्बुलेंस सेवा का भी सहयोग लिया जा रहा है।

हादसे के बाद सामने आए वीडियो और तस्वीरों में इसकी भयावहता साफ नजर आ रही है। कई वाहन पूरी तरह बर्फ में दब गए हैं और केवल उनकी छतें ही दिखाई दे रही हैं। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां एक ओर खड़ी पहाड़ी और दूसरी ओर गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद जोखिम भरा बना हुआ है।
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस हादसे पर दुख जताते हुए 7 लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं लद्दाख के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने और प्रभावितों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल जोजिला क्षेत्र में लगातार हो रही बर्फबारी और हिमस्खलन की घटनाओं को देखते हुए मार्ग पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है। बचाव दल का प्राथमिक लक्ष्य फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालना और इसके बाद सड़क को दोबारा बहाल करना है।



