Follow Us:

होली का मज़ा नहीं होगा किरकिरा, जिद्दी रंग छुड़ाने के लिए आजमाएं ये घरेलू उपाय…

डेस्क |

दिवाली के बाद देश में होली ही ऐसा दूसरा पर्व है जिसे हर जगह अपने ढंग से मनाया जाता है। 2022 में होली का त्योहार 18 मार्च को मनाया जाएगा जिसके चलते बाजारों में अभी से रौनक देखने को मिल रही है। अलग-अलग रंगों से बाजारों में रौनक बढ़ गई है जबकि इस बार बाजारों में होली के पटाखे भी काफी चर्चा में है। होली के समय रंगों से की गई मस्ती उस समय तो बहुत अच्छी लगती है, लेकिन बाद में ये भारी पड़ती हैं जब रंग चेहरे या बदन से नहीं निकलते।

साथ ही इन रंगों के कई तरह के साइड इफेक्ट्स भी स्किन पर नजर आते हैं। ऐसे में समझ में नहीं आता कि आखिर क्या किया जाए। अगर आपके साथ भी ऐसी कोई समस्या है तो यहां जानिए उन घरेलू नुस्खों के बारे में जो इस मामले में मददगार हो सकते हैं।

  • बेसन का स्क्रब- आप रंग को छुड़ाने के लिए बेसन का स्क्रब भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए बेसन में मलाई मिक्स करें और नींबू का रस डालें। इस पैक को चेहरे पर लगाकर स्क्रब करें। इसके बाद चेहरे को धो लें। फिर से इस पैक को लगाएं और कुछ देर लगा रहने दें। इसके बाद फिर से स्क्रब करें और चेहरे को साफ कर लें। बेसन का ये पैक आपके रंग को छुड़ाने के साथ स्किन को नमी देगा।
  • गेंहू के आटे के चोकर- गेंहू के आटे के चोकर को भी नेचुरल स्क्रब के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं। आप आटे के चोकर में दूध मिलाकर पेस्ट बना लें। इससे हल्के हाथों से मसाज करें। कुछ समय बाद चेहरे को पानी से धो लें। त्वचा पर लगा रंग आसानी से छूट जाएगा।
  • केले का पैक– रंग को छुड़ाने के लिए आप केले के पैक का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए केले को मैश कर इसमे नींबू का रस मिला लें। इसे स्किन पर लगाकर कुछ देर के लिए छोड़ दें। जब ये सूखने लगे, तब इसमें हल्का सा गुलाबजल लगाकर रगड़ें। इससे स्किन का रंग कुछ ही समय में साफ हो जाएगा और स्किन में नमी भी बनी रहेगी।
  • मसूर के दाल का पेस्ट- मसूर की दाल और चने की दाल को पीसकर पाउडर बना लें। इसके बाद पाउडर में दूध और गुलाबजल मिलाएं। इसे हल्के हाथों से मसलकर चेहरे पर लगाएं। इससे चेहरा साफ होगा और चेहरे पर ग्लो भी आएगा।

होली के दिन कई लोग भांग का सेवन भी खूब करते हैं। ऐसे में सारा मज़ा किरकिरा हो जाता है। लेकिन इस ख़बर में हम आपको घरेलू नुस्खे बताएंगे जिससे आप नशे से छुटकारा पा सकेंगे। मीडिया रिपोर्ट पर आधारित तथ्यों में कुछ खास…

  • भांग का नशा उतारने के लिए घी को काफी उपयोगी माना जाता है। ऐसे में व्यक्ति को घी का सेवन कराएं। इसके अलावा मक्खन भी भांग के नशे को तेजी से उतारने में उपयोगी है।
  • भांग का नशा उतारने के लिए खट्टी चीजें भी काफी उपयोगी होती हैं। ऐसे में आप नींबू, संतरा, मौसमी का जूस लें। इसके अलावा दही खाएं. खट्टे से ये नशा कम होता है।
  • नारियल पानी भी भांग के नशे को कम करने में मददगार है। इसमें मौजूद मिनरल्स और इलेक्ट्रोलेट्स बॉडी को रिहाइड्रेट करने में सहायक होते हैं।
  • भांग का नशा होने पर अदरक का टुकड़ा मुंह में डालें और धीरे धीरे इसका रस लें। इससे नशा काफी कम हो जाता है। इसके अलावा अरहर की दाल का पानी पिलाने से भी नशा नियंत्रित होता है।