Follow Us:

राष्ट्रीय महिला मोर्चा के अधिवेशन में भाग लेने के लिए प्रदेश की 250 महिलाएं पहुंची गुजरात

नवनीत बत्ता |

राष्ट्रीय महिला मोर्चा का 3 दिन का अधिवेशन आज शुक्रवार से अहमदाबाद में शुरू होने जा रहा है। इस अधिवेशन में हिमाचल प्रदेश महिला मोर्चा भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने जा रहा है। प्रदेश भर से करीब 250 महिलाएं इस अधिवेशन में हिस्सा लेने गुजरात के अहमदाबाद गई हुई हैं।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष इंदु गोस्वामी ने बताया कि अधिवेशन आने वाले लोकसभा चुनावों की दृष्टि से महत्वपूर्ण है और हिमाचल की महिलाओं में भी अधिवेशन को लेकर खासा जोश है। यही कारण है कि महिलाओं ने अपने आप इस अधिवेशन में जाने के लिए प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा की एेसा पहली बार हो रहा है कि इतनी बड़ी संख्या में महिला मोर्चा प्रदेश से बाहर अधिवेशन को अटेंड करने के लिए जा रहा है।

इंदु गोस्वामी ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी, क्योंकि महिलाएं भारत की आधी आबादी का नेतृत्व करती हैं और इसीलिए इस अधिवेशन को चुनावों की दृष्टि से भी देखा जा रहा है। पीएम मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ इस अधिवेशन में कांग्रेस की नितियों और कांग्रेस के दुष्प्रचार से महिलाओं को किस तरह से बचाया जाए इस बारे में चर्चा की जाएगी।